घर में गंधक-पोटाश पीसते समय हुआ धमाका, पिता-पुत्री समेत चार झुलसे

बदायूं/उत्तर प्रदेश। बदायूं के बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला शाहबाद में रविवार की रात गंधक-पोटाश पीसते समय धमाका हो गया, जिससे एक ही परिवार के चार सदस्य झुलस गए। इनमें तीन बच्चे हैं। सभी पीड़ितों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी के चेहरे और हाथ झुलसे हैं।
गांव निवासी प्रदीप अपने घर में गंधक और पोटाश पीस रहे थे। इसी दौरान घर्षण के कारण अचानक तेज धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घरों की खिड़कियां भी हिल गईं। धमाके की चपेट में आने से प्रदीप, उनकी पांच साल की बेटी सुहानी, परिवार के ही विनीत का चार साल का बेटा रितिक और दस साल का बेटा अनुज झुलस गए। धमाके की आवाज सुनते ही मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सभी घायलों को आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया।
रितिक की आंखों में जलन और धुंधलेपन की शिकायत है, जिस पर डॉक्टर विशेष निगरानी रख रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि त्योहार के समय कई घरों में गंधक पोटाश का पाउडर तैयार किया जाता है। यह हादसा लापरवाही के कारण हुआ। इधर, कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उक्त मामले की सूचना नहीं मिली है। फिर भी वह इसकी जांच कराते हैं।




