एमटीएनएल की केबल चोरी करने में दिल्ली पुलिस के एएसआई समेत तीन गिरफ्तार

दिल्ली ब्यूरो। ईस्ट दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 में दिल्ली पुलिस के एएसआई पर महानगर टेलिफोन निगम लिमिटेड की केबल चोरी करवाने का आरोप है। स्पेशल स्टाफ ने दिल्ली पुलिस के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर अर्जुन प्रसाद और उसके दो साथी जाफराबाद निवासी मुनव्वर अली (40) और तुर्कमान गेट निवासी मोहम्मद आसिफ (24) को रंगे हाथ दबोचा। जेसीबी की मदद से एएसआई लाखों रुपये की केबल चोरी करवा कर पिकअप गाड़ी में लोड करवा रहा था। पुलिस ने सात लाख रुपये की 280 मीटर केबल बरामद की। एएसआई अर्जुन सिक्योरिटी में तैनात है। पुलिस के मुताबिक, रविवार देर रात को मयूर विहार फेज-3 मोड अपार्टमेंट के पास जिले के स्पेशल स्टाफ की टीम पट्रोलिंग कर रही थी। इस दौरान कुछ लोग सड़क पर केबल की खुदाई कर रहे थे। पूछताछ पर उन्होंने बताया कि वो एमटीएनएल के कर्मचारी हैं और केबल के काम में लगे हैं। शक होने पर आरोपियों से आईकार्ड मांगा तो वो इधर-उधर देखने लगे। केबल को एक पिकअप में लोड भी किया जा रहा था। पुलिस ने मुनव्वर और आसिफ को गिरफ्तार ‌कर लिया। इनकी निशानदेही पर एएसआई अर्जुन को भी अरेस्ट कर लिया गया।

आरोपियों ने खुलासा किया कि एएसआई के कहने पर ही केबल चोरी किया जा रहा था। आरोपी एएसआई न्यू अशोक नगर थाने के बैरक में रहता है, जो पहले मयूर विहार थाने में तैनात था। फिलहाल इसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। आशंका है कि चोरी में एमटीएनएल के ठेकेदार भी शामिल हो सकते हैं।पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी अर्जुन पूर्वी उत्तर प्रदेश से है, जो मुनव्वर से संपर्क में था। वो भी पूर्वी यूपी से ही है। मुनव्वर केबल की चोरी करता था तो अर्जुन उससे मिला करता था। इस दौरान उसने पुलिस से प्रोटेक्शन देने का काम शुरू कर दिया। एक रात के 15 हजार रुपये वसूलता था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि 17-18 जुलाई की दरम्यानी रात को न्यू अशोक नगर इलाके से मुनव्वर को पकड़ा तो अर्जुन साथ ही कार में सवार था। फोन कॉल रिकॉर्ड देखने से पता चला कि अर्जुन जनवरी 2022 से लगातार मुनव्वर के टच में था। अर्जुन 2014 से मार्च 2022 तक मयूर विहार थाने में तैनात रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button