बदला लेने के लिए बना दी महिला की गंदी प्रोफाइल, महिला को आ रहे थे अश्लील कॉल
नई दिल्ली। पार्टी में हुए अपमान का बदला लेने के लिए एक बीसीए स्टूडेंट ने सोशल मीडिया में महिला की फेक प्रोफाइल बना डाली। इस प्रोफाइल पर आरोपी ने महिला का फोन नंबर और फोटो अपलोड की। इसके बाद महिला को कई गंदे कॉल आने लगे। महिला ने इस यह बात अपनी एक सहेली को शेयर की तब इस फेक प्रोफाइल के बारे में महिला को जानकारी हुई। महिला ने द्वारका के साइबर थाने में मामला दर्ज करवाया। साइबर थाने की पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़ित महिला ने 1 अप्रैल को साइबर थाने मे मामला दर्ज करवाया था। महिला के मुताबिक उसे कई अश्लील कॉल आ रही हैं। साइबर थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीश कुमार की टीम ने इस मामले में जांच शुरू की। पुलिस ने आईपी एड्रेस और मोबाइल नंबर का पता लगाया। जिसके बाद पुलिस को आईएमईआई नंबर भी मिल गए। फोन उत्तम नगर में एक्टिव मिला। इसके आधार पर पुलिस टीम ने रेड कर अंकित कुमार (22) को गिरफ्तार किया।
अंकित ने पूछताछ में बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड की दोस्ती पीड़ित महिला के साथ है। आरोपी को यह पसंद नहीं है। उसके मना करने के बावजूद आरोपी की गर्लफ्रेंड उस महिला की बर्थडे पार्टी में गई। इसी दौरान आरोपी अंकित की महिला से बहस ओ गई और महिला ने आरोपी को डांट दिया। इसके बाद से ही आरोपी बदले का प्लान बनाने लगा। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता के इंस्टाग्राम अकाउंट से उसके कुछ फोटो निकाले, उसे एडिट किया और उसके नाम व फेक फोटो का इस्तेमाल कर फेक इंस्टाग्राम अकाउंट बना लिया। आरोपी उत्तम नगर में रहता है और मूल रूप से बिहार का रहने वाला है।