फतेहपुर में साढ़े चार हजार से अधिक सरकारी कार्यालयों पर बकाया 125 करोड़ बिजली का बिल

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में 4,768 सरकारी कार्यालयों पर 125 करोड़ रुपये बिजली का बिल बकाया है। वित्त वर्ष समाप्त होने के चलते ऊर्जा निगम ने इन दिनों सरकारी कार्यालयों पर बिल जमा कराने को लेकर शिंकजा कसा है। हालांकि सभी कार्यालयों के बिल उनके मुख्यालय स्तर से ई-वॉलेट के माध्यम से जमा होंगे।
ऊर्जा निगम ने सभी कार्यालय बकाएदारों को पत्र भेेजकर बिल जमा कराने के लिए निर्देशित किया। प्रत्येक कार्यालयों का बकाया बिल 10 हजार रुपये के ऊपर है। मार्च माह वित्त वर्ष का आखिरी महीना होता है। इसमें सभी सरकारी कार्यालयों का बिल जमा कराना आवश्यक है।
इस कारण प्रत्येक कार्यालय बकाएदार को बिल जमा करने के लिए कहा जा रहा है। प्रत्येक कार्यालय के बिल उनके मुख्यालय की ओर से ई-वॉलेट के माध्यम से जमा होंगे। जिसका भुगतान सीधे ऊर्जा निगम के बैंक खाते में होगा। वहीं कार्यालय बकायेदारों ने बिल जमा कराने का सिलसिला शुरू कर दिया है। ऊर्जा निगम को मार्च माह के अंत तक सभी कार्यालयों के बिल जमा कराना है।
जिले में चल रहे सरकारी स्कूल और विद्यालयों के बकाए बिल का भुगतान नगर पंचायत के माध्यम से होगा। इसके लिए नजदीकी उपकेंद्र के अवर अभियंता स्कूल और विद्यायल को बिल जमा कराने के लिए निर्देशित कर रहे हैं। इनका भुगतान भी ई-वॉलेट के माध्यम से सीधे बैंक खाते में होगा। अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम, फतेहपुर एसके लोहाट ने कहा कि वित्त वर्ष समाप्त होने के चलते सरकारी कार्यालयों के बिल जमा कराने पर जोर दिया जा रहा है। सभी कार्यालयों के बिल ई-वॉलेट के माध्यम से सीधे बैंक खाते में जमा होंगे।
अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम, फतेहपुर।




