गुरुग्राम में गैस सिलिंडर संकट पर कांग्रेस का पैदल मार्च, सोहना चौक पर चूल्हा जलाकर रोटियां सेंकी

गुरुग्राम। देश में बढ़ती महंगाई, घरेलू और कामर्शियल गैस सिलिंडरों की किल्लत तथा लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में गुरुग्राम में कांग्रेस ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज व ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने किया। भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला गया। सोहना चौक तक पैदल मार्च कर चौक पर ही लकड़ी का चूल्हा रखकर रोटी सेंकी गई। इस दौरान राजीव चौक से लेकर सदर बाजार और बस स्टैंड तक जाम की स्थिति बन गई।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज ने कहा कि आज आम आदमी की रसोई महंगाई की आग में जल रही है। घरेलू गैस सिलिंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और सप्लाई भी घटती जा रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। सरकार जनता की परेशानी को समझने के बजाय आंखें मूंदे बैठी है। एक तरफ गैस की उपलब्धता कम हो रही है और दूसरी ओर कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे आम परिवारों के लिए रसोई चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि गैस सिलिंडरों की किल्लत का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है, बल्कि होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट जैसे छोटे कारोबार भी इसकी चपेट में आ गए हैं। कॉमर्शियल सिलिंडरों की कमी के कारण कई जगह कामकाज प्रभावित हो रहा है और हजारों लोगों के रोजगार पर खतरा मंडरा रहा है।
कालाबाजारी पर सरकार लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम
उन्होंने आरोप लगाया कि गैस की सप्लाई में गड़बड़ी और कालाबाजारी पर सरकार लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम रही है। नतीजा यह है कि आम जनता सिलिंडर के लिए दर-दर भटक रही है, जबकि बाजार में कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं में आम आदमी कहीं नजर नहीं आता। जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है, लेकिन सरकार सिर्फ घोषणाओं और प्रचार में व्यस्त है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गैस सिलिंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई की कमी पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी आने वाले समय में और बड़े आंदोलन छेड़ेगी। इससे पहले शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर के नेतृत्व में शहर कांग्रेस कमेटी ने कमान सराय से अग्रवाल भवन तक पैदल मार्च किया गया। डावर ने कहा कि झूठ की राजनीति करने वाले और झूठे वायदे करने वाली भाजपा सरकार की कारगुजारी अब देश की जनता के सामने आ चुकी है। एक तरफ सरकार पर्याप्त मात्रा में गैस होने की बात कह रही है और दूसरी तरफ देश में लोग गैस के लिए लाइनों में लगे हैं।
इस अवसर पर अनुसूचित विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल धानक, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शैलजा भाटिया, पूजा शर्मा, ओबीसी विभाग जिलाध्यक्ष सनी यादव, सेवादल अध्यक्ष कृष्ण सैनी, पीसीसी सदस्य पंकज भारद्वाज, मुकेश पवन चौधरी, सतबीर पहलवान, सतपाल शर्मा, मुकेश शर्मा, कुलदीप गुर्जर, प्रदेश प्रवक्ता सुखबीर तंवर, राजकुमार यादव, सूबे सिंह यादव, राजीव यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

WhatsApp Image 2026-03-15 at 17.51.44

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button