कानपुर में ‘धर्म’ पर संग्राम! रेस्टोरेंट में नॉनवेज खाते दिखे भूतेश्वर मंदिर के महंत? वायरल वीडियो के बाद भक्तों ने की जमकर पिटाई

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। कानपुर के सुप्रसिद्ध भूतेश्वर मंदिर के महंत का नॉनवेज खाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महंत की यह करतूत देखकर भक्त भड़क गए। श्रद्धांलुओं ने महंत की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई और हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से महंत को भीड़ के चुंगल से छुड़ाया।
दरअसल, रावतपुर क्षेत्र के केशवपुरम में भूतेश्वर मंदिर बना हुआ है। मंदिर के महंत प्रशांत गिरी उर्फ गोलू पंडित हैं। प्रशांत गिरी मंदिर परिसर में बने कमरे में रहते हैं। उनका बीते दो दिन पहले नॉनवेज खाते हुए एक फोटो, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस बात को लेकर स्थानीय लोगों में गुस्सा था। देररात प्रशांत गिरी को मंदिर परिसर में देखकर लोग भड़क उठे। इसके उसे पकड़ जमकर धुनाई कर दी।
मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हंगामा बढ़ता देखकर स्थानीय लोगों ने पिटाई की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी। पुलिस किसी तरह से महंत को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। महंत ने रावतपुर थाने में तहरीर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गोलू पंडित को मंदिर परिसर में रहने और महंत के पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। महंत ने हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ किया है।
महंत को महिलाओं और पुरुषों ने पकड़ कर जमकर पीटा। वहां खड़े लोगों ने उसका वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। लोगों का कहना है कि मंदिर का महंत होते हुए उसने घिनौनी हरकत की है। ऐसे महंत को पूजा ईश्वर भी स्वीकार नहीं करते हैं। यदि मंदिर में रहा तो हम सभी इसका पुरजोर तरीके से विरोध करेंगे।
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश रॉय के मुताबिक पीड़ित प्रशांत उर्फ गोलू को भीड़ से मुक्त कराया दिया गया। पीड़ित की तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। वीडियो के आधार पर मारपीट और हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है। फिलहाल मामला अब पूरी तरह से शांत है। किसी तरह के गतिरोध की बात नहीं है।




