पत्नी की डिलिवरी के लिए 40 हजार में बंधक रखी बाइक, पुलिस को बताया लूट

वाराणसी। वाराणसी के बहेड़वा हाल्ट के पास बुधवार शाम सीसी कैमरा व्यापारी से 30 हजार नगदी और बाइक लूट की घटना फर्जी निकली। घटना का खुलासा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर कर दिया। व्यापारी सौरभ चतुर्वेदी ने अपनी पत्नी की डिलिवरी में होने वाले खर्च के वहन के लिए पल्सर बाइक 40 हजार में बंधक रखी और लूट की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने आरोपी को झूठी सूचना और पुलिस को परेशान करने मामले में गिरफ्तार किया है। राजातालाब क्षेत्र के महगांव छित्तमपुर गांव निवासी सौरभ चतुर्वेदी सीसी कैमरा का व्यापारी है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह के अनुसार सौरभ ने सूचना दी कि उसके साथ बहेड़वा हाल्ट के पास लूट हो गई। दो बदमाशों ने पल्सर बाइक, 30 हजार नकदी और दो सीसी कैमरा लूट लिया। इस पर मिर्जापुर पुलिस से संपर्क साधते हुए तफ्तीश शुरू की गई।
सीसी कैमरे और सर्विलांस के आधार पर जांच में सामने आया कि सौरभ ने अपनी बाइक मिर्जापुर के बिमौरी गांव निवासी आकाश पटेल को 40 हजार में बंधक रखी है। कड़ाई से पूछताछ हुई तो सौरभ ने सारे राज उगल दिए।पूछताछ में सौरभ ने बताया कि पत्नी की डिलिवरी होने वाली थी, उसके खर्चे के लिए पैसे की आवश्यकता थी तो अपने भाई रजत की बाइक को आकाश पटेल के यहां 40 हजार में बंधक रख दी। थाना प्रभारी के अनुसार लूट की झूठी सूचना और अकारण पुलिस को परेशान करने के जुर्म में आरोपी सौरभ को गिरफ्तार किया गया।



