दिल्ली में पहली बार उड़ेंगे हॉट एयर बैलून, यमुना किनारे से देख सकेंगे हवाई नजारा

Hot air balloons will fly for the first time in Delhi, you will be able to see the aerial view from the banks of Yamuna

नई दिल्ली। दिल्लीवासी जल्द ही राजधानी की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद अब आसमान से ले सकेंगे। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) पहली बार शहर में हॉट एयर बैलून सेवाएं शुरू करने जा रहा है। डीडीए ने यह रोमांचक पहल इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने, लोगों को नया मनोरंजन विकल्प देने और दिल्ली के हरित क्षेत्रों को नई पहचान दिलाने के लिए की है।
डीडीए के अनुसार, यह परियोजना उपराज्यपाल वीके सक्सेना की पहल पर तैयार की गई है। बैलून उड़ान की सेवाएं यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कॉमनवेल्थ गेम्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और यमुना नदी के किनारे स्थित असिता और बांसेरा पार्क में शुरू की जाएगी। डीडीए ने इस परियोजना के लिए एक निजी एजेंसी का चयन कर लिया है, जिसे प्रारंभिक तौर पर तीन वर्षों के लिए कार्य सौंपा गया है। भविष्य में इस अवधि को अधिकतम नौ वर्षों तक बढ़ाया जा सकता है। चयनित एजेंसी को प्रत्येक स्थल पर 3600 वर्गमीटर (60×60 मीटर) स्थान संचालन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
बैलून उड़ान सेवाएं दो महीने के भीतर शुरू कर दी जाएंगी। हर दिन चार घंटे की उड़ान की अनुमति दी गई है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर बढ़ाया भी जा सकता है। सेवाओं का संचालन राजस्व साझेदारी मॉडल के तहत किया जाएगा, जिसमें टिकटों की कीमत डीडीए की स्वीकृति के बाद तय की जाएगी। सभी टिकटों से प्राप्त राशि सीधे डीडीए के खाते में जमा होगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रहेगी।
डीडीए ने हाल के वर्षों में यमुना नदी के पुनरोद्धार के लिए अनेक प्रयास किए हैं। असिता, जो कभी अतिक्रमण की चपेट में थी, अब एक खूबसूरत ग्रीन जोन बन चुकी है। वहीं बांसेरा, पहले एक सीएंडडी वेस्ट डंपिंग साइट था, अब 30,000 बांस के पौधों, तीन जल निकायों और एक संगीतमय फव्वारे से सजा एक अद्वितीय थीम पार्क है।
यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सुरजमल विहार स्थित दिल्ली का सबसे बड़ा खेल परिसर है। यह कॉमनवेल्थ गेम्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 2010 में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के लिए बनाया गया था। अब इन परिसरों को मनोरंजन और पर्यावरण-पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button