प्रेमिका की तीसरी मंजिल से धक्का देकर हत्या, भाग रहा था शव लेकर, गाजियाबाद से गिरफ्तार

नोएडा ब्यूरो। होशियारपुर गांव में प्रेमिका को तीसरी मंजिल से धक्का देकर प्रेमी ने मार डाला। इसके बाद शव को लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने गाजियाबाद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।होशियारपुर निवासी युवती इंश्योरेंस कंपनी में काम करती थी और गौरव से दोस्ती थी। बिजनौर निवासी गौरव नोएडा में सेक्टर-71 में रहकर होशियारपुर गांव की शर्मा मार्केट में लैब टेक्नीशियन है। कुछ माह से युवती उससे अलग होना चाहती थी। मंगलवार को गौरव और युवती शर्मा मार्केट में तीसरी मंजिल पर बात कर रहे थे। इस बीच गौरव ने उसे छत से धक्का दे दिया। नीचे गिरी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद गौरव भी नीचे उतर आया और उसे ऑटो से ले जाकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां युवती की हालत बिगड़ने लगी तो वह एंबुलेंस में युवती को गाजियाबाद की तरफ ले जाने लगा। जब युवती की रास्ते में मौत हो गई तो वह शव जलाने के लिए बिजनौर की तरफ जाने लगा। इधर, जब होशियारपुर में घरवालों को युवती के छत से गिरने की सूचना मिली तो उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस और युवती के परिजनों ने जब संपर्क किया तो गौरव ने फोन नहीं उठाया। ऐसे में पुलिस ने सर्विलांस के आधार पर गौरव की लोकेशन ट्रेस की और गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया।




