राफेल से भिड़ने वाली पीएल-15 को भूल जाइए, चीन ने बनाई 300 KM तक शिकार करने वाली पीएल-16 मिसाइल, भारत के लिए खतरा
पीएल-16 चीन की अगली पीढ़ी की हवा-से-हवा में मार करने वाली लंबी दूरी की मिसाइल है जिसे मुख्य रूप से बियॉन्ड विज़ुअल रेंज (BVR) कॉम्बैट यानी दुश्मन के विमान को बिना देखे ही लंबी दूरी से मार गिराने के लिए डिजाइन किया गया है।

बीजिंग/एजेंसी। चीन में पीएल-16 एयर टू एयर मिसाइल को लेकर पहली बार कुछ जानकारियां सामने आई हैं। यह एक नेक्स्ट जेनरेशन हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल है। इसके बारे में उम्मीद है कि चीनी एयरफोर्स इसे पीएल-15 एयर टू एयर मिसाइल से रिप्लेस करेगी। चीन के अंदर इस मिसाइल को लेकर कुछ स्लाइड सर्कुलेट हुए हैं जिनमें इस मिसाइल की हवा से हवा में मार करने की रेंज 300 किलोमीटर से ज्यादा बताई गई है। इसके अलावा पता चलता है कि इस मिसाइल को चीन एयरफोर्स ने अपने दोनों स्टील्थ लड़ाकू विमान जे-20 और जे-35 में भी इंटीग्रेट करेगी जिससे ये दोनों विमान अत्यंत खतरनाक बन जाएंगे।
चीन के अंदर जो स्लाइट प्रजेंटेशन सर्कुलेट हो रहा है उनमें चीनी एयर-टू-एयर मिसाइलों के विकासक्रम को दिखाया गया है। जैसे PL-11 मिसाइल जो इतालवी ASPIDE का चीनी संस्करण है। इसके अलावा इसमें PL-12, PL-15 और नई PL-16 को दिखाया गया है। इस प्रजेंटेशन में PL-15 को एक ऐसी मिसाइल के रूप में पहचान की गई है जो डुअल-पल्स सॉलिड रॉकेट मोटर से संचालित होती है। वहीं PL-16 को एक ऐसी अल्ट्रा-लॉन्ग-रेंज मिसाइल के रूप में प्रस्तुत किया गया है जो AESA रडार सीकर, टू-वे डेटा लिंक और वेरिएबल-थ्रस्ट सॉलिड रॉकेट मोटर से सुसज्जित है।
भारत के खिलाफ चीन ने पाकिस्तान को पीएल-15 मिसाइल दिया था। पाकिस्तान ने भारतीय विमानों पर पीएल 15 मिसाइलों का इस्तेमाल किया था लेकिन ये असर दिखाने में नाकाम रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान ने 10 पीएल-15 मिसाइल दागे थे जिनमें से 9 मिसाइलों को भारत ने मार गिराया था। एक पीएल-15 मिसाइल को भारत ने ज्यों का त्यों बरामद किया था जिसकी टेक्नोलॉजी को लेकर रिसर्च की जा रही है।




