हसदेव क्षेत्र में जागृति महिला समिति की पहल, महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास को मिली नई दिशा

सुमिता शर्मा/जिला ब्यूरो चीफ
अनूपपुर/मध्य प्रदेश। हसदेव क्षेत्र में जागृति महिला समिति द्वारा सामाजिक सरोकारों को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर सेवा और सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश की गई। श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन तथा उपाध्यक्षाओं अनिथा फ्रैंकलिन, इप्सिता दास, हसीना कुमार और शुभश्री महापात्र के कुशल मार्गदर्शन एवं गरिमामयी उपस्थिति में यह आयोजन खेलग्राम परिसर, राजनगर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व जागृति महिला समिति की अध्यक्षा डॉ. सरोज बाला बिश्नोई ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण पहलें शुरू की गईं। ग्रामीण एवं स्थानीय युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक सर्वसुविधायुक्त ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र के माध्यम से प्रथम बैच की 10 पंजीकृत महिलाओं को निःशुल्क ब्यूटीशियन कोर्स का प्रशिक्षण एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे वे स्वरोजगार स्थापित कर सकें।
शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्षेत्र की 10 मेधावी एवं जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल वितरित की गईं, ताकि वे घर से महाविद्यालय तक सुरक्षित और सुगमता से आवागमन कर सकें। यह पहल बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इसके साथ ही सिलाई प्रशिक्षण केंद्र, बिजुरी के चतुर्थ बैच की 10 महिलाओं को प्रमाण-पत्र एवं निःशुल्क सिलाई मशीनें वितरित की गईं। यह पहल उन्हें स्वरोजगार अपनाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने में सहायक सिद्ध होगी। कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, बिजुरी के प्रशिक्षणार्थियों को भी प्रमाण-पत्र एवं निःशुल्क बैग प्रदान किए गए, जिससे उन्हें तकनीकी कौशल के माध्यम से रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान राजनगर स्थित सिलाई, कढ़ाई एवं बुनाई केंद्र में प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार उत्पादों और हस्तशिल्प सामग्री की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। अतिथियों ने इन कार्यों की सराहना करते हुए गुणवत्ता, डिजाइन और विपणन के संबंध में मार्गदर्शन दिया तथा प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं एवं उनके परिजनों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई और समापन पर उन्हें स्वल्पाहार पैकेट एवं पानी की बोतलें वितरित की गईं।
इस सफल आयोजन में श्रद्धा महिला मंडल की कार्यकारिणी सदस्याओं, जागृति महिला समिति की अध्यक्षा डॉ. सरोज बाला बिश्नोई एवं उनकी पूरी टीम का सराहनीय और समर्पित योगदान रहा, जिसके परिणामस्वरूप कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





