दिल्ली-एनसीआर के पलवल को दहलाने की थी साजिश, तीन इनामी शूटर कोलकाता से गिरफ्तार

There was a conspiracy to terrorize Palwal of Delhi-NCR, three prize-winning shooters arrested from Kolkata

पलवल। पलवल एसटीएफ की टीम ने गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया और हिमांशु भाऊ गैंग के लिए काम करने वाले तीन इनामी शूटरों को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार किया है। तीनों शूटर पलवल में व्यापारियों से लगातार रंगदारी मांग रहे गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया के निर्देश पर पलवल में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पलवल एसटीएफ प्रभारी अनिल छिल्लर ने बताया कि उनकी टीम ने फरीदाबाद के फतेहपुर बिल्लोच के रहने वाले नीरज उर्फ गंजा और सोनू, गाजियाबाद ( उत्तर प्रदेश) के मुकीमपुर मंढैया के रहने वाले विनीत उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है।
नीरज उर्फ गंजा और सोनू पर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित था, जबकि विनीत उर्फ गोलू पर एक लाख रुपये का इनाम था। ये तीनों बदमाश नीरज फरीदपुरिया-हिमांशु भाऊ गैंग के सक्रिय शूटर हैं। नीरज उर्फ गंजा और सोनू रोहतक के डीघल के रहने वाले मंजीत की हत्या में शामिल थे और वारदात के बाद से अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे।
दोनों के विरुद्ध फरीदाबाद में कई मुकदमे दर्ज हैं। करीब दस माह पहले विनीत उर्फ गोलू हत्या के मुकदमे में गाजियाबाद न्यायालय से चकमा देकर फरार हो गया था। तीनों बदमाश पलवल में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
एसटीएफ पलवल की टीम को इसकी भनक लग गई और तीनों बदमाशों को कोलकाता से धर दबोचा गया। तीनों को आगामी कानूनी कार्यवाही के लिए गुरुग्राम सेंट्रल की एसटीएफ यूनिट के हवाले किया गया है।
तीनों बदमाश पिछले कुछ समय से विदेश में रहकर जिले के व्यापारियों से रंगदारी मांग रहे नीरज फरीदपुरिया से जुड़े थे।फरीदपुरिया पिछले लंबे समय से विदेशी नंबरों से व्यापारियों को फोन कर रंगदारी मांग रहा है। बीते वर्ष मार्च माह में रंगदारी नहीं देने पर फरीदपुरिया गैंग से जुड़े बदमाशों ने दिनदहाड़े महर्षि दयानंद आगरा चौक स्थित ट्रिपल नाइन दुकान पर कई राउंड फायरिंग की थी।
इस फायरिंग को अंजाम देने वाले सभी युवा आसपास के स्थानीय गांवों से थे, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया था। इस गिरफ्तारी के बाद नीरज ने दूसरे जिलों के बदमाशों को आपराधिक अंजाम देने के लिए रखा। फरीदपुरिया ने इसके लिए रेवाड़ी के रहने वाले बदमाश जोरावर सिंह और नीरज को अपने गिरोह से जोड़ लिया।
बीती 19 जनवरी को जोरावर और नीरज ने महेशपुर गांव में जोहरखेडा के सरपंच मनोज और उसके साथी रोकी को गोली मारकर घायल कर दिया था। दोनों बदमाशों ने फरीदपुरिया के कहने पर ही सरपंच और उसके साथी पर फायरिंग की थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी थी और फरवरी माह में मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों को क्राइम ब्रांच पलवल की टीम ने ढेर कर दिया था। दोनों ही बदमाश पलवल में वारदात को अंजाम देने के लिए आए थे। जोरावर और नीरज के खात्मे के बाद फरीदपुरिया ने नीरज उर्फ गंजा, सोनू और विनीत उर्फ गोलू को पलवल में बीते वर्ष ट्रिपल नाइन की तरह ही बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम को देने की जिम्मेदारी दी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button