आगामी त्योहारों को लेकर विभिन्न अमन समितियों के साथ पूर्वी दिल्ली की डीसीपी प्रियंका कश्यप ने की बैठक

राजीव कुमार गौड़,(दिल्ली ब्यूरो)।आगामी त्योहारों ईद-उल-अजहा (बकरीद), कांवड़ यात्रा के दौरान पूर्वी जिले में सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए जिला पुलिस के आला अधिकारियों ने विभिन्न अमन समितियों, हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई एकता समिति के सदस्यों के साथ एक बैठक की। क्षेत्र के आध्यात्मिक नेताओं और अन्य सम्मानित लोगों को पूर्वी दिल्ली जिले की डीसीपी प्रियंका कश्यप की अध्यक्षता में एक बैठक बुलाया गया था। बैठक के दौरान प्रियंका कश्यप ने सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए विभिन्न अमन समितियों के सदस्यों द्वारा पूर्वी जिला पुलिस को दिए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को मौजूदा स्थिति के दौरान सांप्रदायिक सद्भाव और कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्वी जिला पुलिस द्वारा उठाए जा रहे कदमों के साथ-साथ आगामी त्योहारों के दौरान उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा त्योहारों के जश्न के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर लोगों को जागरूक करने का अनुरोध किया।
डीसीपी की तरफ से पूर्वी जिले के सभी थाने के एसएचओ को निर्देश दिया गया था कि वे अपनी संबंधित अमन समितियों के सदस्यों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित करें ताकि आम जनता तक अधिकतम पहुंच सुनिश्चित की जा सके।




