हजारों कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है यूनिलीवर कंपनी, लागत कम करने के लिए लिया फैसला

एफएमसीजी सेक्टर की दिग्गज कंपनी यूनिलीवर दुनिया भर में हजारों कर्मचारियों की छंटनी करने का फैसला ले चुकी है। कंपनी ने सिर्फ कर्मचारियों की छंटनी करने का ही फैसला नहीं लिया है बल्कि अपने आइसक्रीम कारोबार को अलग करने का फैसला भी कर लिया है।
कंपनी जो छंटनी करेगी उसके दायरे में दुनिया भर के कर्मचारी आएंगे। कंपनी का कहना है कि लागत को कम करने के उद्देश्य से ये फैसला किया गया है। कंपनी अपना मार्जिन भी बढ़ाना चाहती है जिसे देखते हुए ये फैसला हुआ है। कंपनी के हित में लिए गए फैसले का समर्थन निवेशकों ने भी किया है। बता दें कि कंपनी का स्टॉक यूरोपियन मार्केट के शुरुआती कारोबार में बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।
कंपनी के मुताबिक आईसक्रीम कारोबार को स्टैंड अलोन कंपनी के तौर पर अलग किया जा रहा है। कारोबार को अलग करने की प्रक्रिया भी तत्काल रूप से शुरू हो जाएगी। इस प्रक्रिया को पूरा होने में दिसंबर 2025 तक का समय लगेगा। वहीं आईसक्रीम कारोबार को अलग करने के साथ ही कंपनी ने फैसला किया है कि 7500 कर्मचारियों को भी नौकरी से निकाला जाएगा। बता दें कि ये कंपनी के कर्मचारियों की कुल संख्या का 5.9 फीसदी हिस्सा है। कंपनी ने कर्मचारियों को हटाने का फैसला लागत घटाने और मार्जिन में सुधार लाने के उद्देश्य से लिया है। कंपनी का अनुमान है कि अगर इन सभी कर्मचारियों को हटाया जाएगा तो कंपनी आगामी तीन वर्षों में लगभग 87 करोड़ डॉलर की बचत कर सकेगी।
कंपनी की रणनीति में हुआ बदलाव
कंपनी अपनी रणनीति को बदलने का काम कर रही है। नए मैनेजमेंट का कहना है कि कारोबार को आसान बनाने पर पूरा फोकस किया जाएगा। इससे पहले मैनेजमेंट ने ब्रांड पोर्टफोलियो को 400 तक बढ़ाया था। बीते वर्ष जुलाई में कंपनी ने साफ कहा था कि सिर्फ 30 प्रोडक्ट्स पर भी फोकस किया जाएगा जो कंपनी की सेल्स का 70 फीसदी हिस्सा है।




