सरकारी मीटिंग में दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के पति की मौजूदगी पर उठे सवाल

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में विकास परियोजनाओं की समीक्षा के लिए एक आधिकारिक सरकारी बैठक आयोजित की। इस बैठक सीएम के पति मनीष गु्प्ता की उपस्थिति को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। आम आदमी पार्टी ने इसे असंवैधानिक करार दिया है। वहीं बीजेपी ने भी आप के आरोपों पर पलटवार किया है।
बैठक को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से क्षेत्र में जारी कार्यों की प्रगति का आकलन करें और तय समयसीमा पर विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट दें। साथ ही, पूर्ण एवं लंबित परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा, भूमि उपयोग से जुड़े विभागीय मुद्दों के समाधान के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।
सीएम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर बताया, ‘शालीमार बाग में जलभराव वाले क्षेत्रों में हार्वेस्टिंग प्वॉइंट्स स्थापित किए जाएंगे। बाजारों को पुनर्जीवित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और झुके या टेढ़े पेड़ों को हटाने की कार्यवाही शुरू होगी।’ रेखा गुप्ता ने बैठक की कुछ तस्वीरें भी साझा की, जिसमें उनके पति मनीष गुप्ता बगल में बैठे हुए नजर आ रहे हैं। जो कि पेशे से एक व्यापारी हैं।
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सवाल उठाया कि रेखा गुप्ता ने अपने पति को बैठक में क्यों आने दिया और इसकी तुलना काल्पनिक वेब सीरीज पंचायत में दर्शाए गए ‘फुलेरा’ से की, जहां महिला प्रधान की जगह उनके पति कुर्सी संभाल रहे थे।
सौरभ ने एक प्रेस कॉंफ्रेस कर कहा, सीएम रेखा गुप्ता लगातार यह संदेश दे रही हैं कि उनका सारा काम उनके पति मनीष गुप्ता देख रहे हैं। रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता अधिकारियों के साथ भी बैठक आदि कर रहे हैं। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतायें कि उनके द्वारा चुनी गईं मुख्यमंत्री यह गैरसंवैधानिक काम कैसे कर सकती हैं?
आप नेता ने कहा, देश की राजधानी में प्रजातंत्र और संविधानिक व्यवस्था का इस तरह मजाक बनाया जा रहा है। परिवारवाद पर पानी पी-पी कर कांग्रेस को गालियों देने वाली बीजेपी बताए ये परिवारवाद नहीं है तो क्या है ? क्या दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी की मुख्यमंत्री के पास कोई ऐसा कार्यकर्ता नहीं बचा है जिसपर वो भरोसा कर सकें?
आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने इस बैठक की तस्वीरें शेयर करते हुए कहा, फुलेरा पंचायत में आपका स्वागत है। मोदी ने दिल्ली में दो सीएम बना दिया है। रेखा गुप्ता सीएम उनका पति सुपर सीएम मोदी की बीजेपी ने 6 महीने में दिल्ली का कबाड़ा कर दिया।
बीजेपी ने दिया जवाब
वहीं आम आदमी पार्टी के आरोपों पर बीजेपी नेता अमित मालवीय ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, आम आदमी पार्टी को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधने के लिए कुछ और ठोस तरीका ढूंढ़ना चाहिए। वह अपने निर्वाचन क्षेत्र की समीक्षा बैठक कर रही थीं, जिसका प्रबंधन उनके पति करते हैं। ठीक वैसे ही जैसे शीला दीक्षित के निर्वाचन क्षेत्र का प्रबंधन उनकी बहन रमा धवन करती थीं, और सुनीता केजरीवाल अरविंद केजरीवाल के निर्वाचन क्षेत्र का प्रबंधन देखती थीं।
अप्रैल में भी ऐसा ही विवाद तब खड़ा हुआ था जब मनीष गुप्ता नगर निगम, दिल्ली जल बोर्ड और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की एक सरकारी बैठक में देखे गए थे, जबकि मुख्यमंत्री मौजूद नहीं थे। आप नेता आतिशी ने रेखा गुप्ता के पति पर अनौपचारिक रूप से सरकार चलाने का आरोप लगाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button