एक भी मंत्रालय नहीं लेते थे केजरीवाल, सीएम रेखा गुप्ता ने लिए 10
प्रवेश वर्मा और आशीष सूद को भी बड़ी जिम्मेदारी

- रेखा गुप्ता ने पहली कैबिनेट मीटिंग के बाद विभागों का आवंटन किया
- गुप्ता ने खुद वित्त और महिला एवं बाल विकास जैसे विभाग संभाले
- कैबिनेट में केवल कपिल मिश्रा ने पहले भी मंत्री का अनुभव हासिल किया
नई दिल्ली। रेखा गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद अपनी कैबिनेट का गठन किया और मंत्रियों को उनके विभाग आवंटित किए। यह पहली कैबिनेट मीटिंग गुरुवार देर रात हुई। इसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री गुप्ता ने विभागों के बंटवारे की घोषणा की। उन्होंने खुद वित्त, राजस्व और महिला एवं बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने किसी को भी अपना उपमुख्यमंत्री नहीं बनाया है।
कैबिनेट में शामिल मंत्री प्रवेश वर्मा को लोक निर्माण, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण और जल विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। आशीष सूद गृह, शिक्षा, बिजली और शहरी विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों को संभालेंगे। कैबिनेट में शामिल सिख मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को उद्योग, पर्यावरण एवं वन और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंकज कुमार सिंह को स्वास्थ्य, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग दिए गए हैं।
कैबिनेट में केवल कपिल मिश्रा ही ऐसे चेहरा हैं जो पहले भी दिल्ली सरकार में मंत्री रह चुके हैं, हालांकि तब आप सत्ता में थी। उन्हें कानून एवं न्याय, श्रम, रोजगार, पर्यटन और कला एवं संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। रविंदर इंद्रज सिंह सामाजिक कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण और सहकारिता विभाग देखेंगे। तीन बार के विधायक विजेंद्र गुप्ता के विधानसभा अध्यक्ष बनने की संभावना है, जबकि वरिष्ठ नेता मोहन सिंह बिष्ट उनके उपाध्यक्ष हो सकते हैं। एक अधिसूचना में सामान्य प्रशासन विभाग ने कहा कि मुख्यमंत्री के परामर्श से उपराज्यपाल ने विभागों का आवंटन किया है।




