काठमांडू में बालेन सरकार का बुलडोजर एक्शन, सैकड़ों अवैध ढांचे ध्वस्त

नेपाल सरकार ने काठमांडू में बागमती नदी के किनारे सैकड़ों अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई शहर के सौंदर्यीकरण और नदी के जीर्णोद्धार योजना का हिस्सा है।
काठमांडू/एजेंसी। नेपाल सरकार ने शनिवार को काठमांडू के थापाथली और गैरेगांव इलाकों में बागमती नदी के किनारे बसे सैकड़ों अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया। अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बालेंद्र शाह की सख्ती पीएम बनने के बाद भी नजर आ रही है।
अवैध ढांचों को हटाना काठमांडू महानगरपालिका के सौंदर्यीकरण और बागमती नदी के किनारों के जीर्णोद्धार के लिए सरकार की योजना का हिस्सा है।
कुछ साल पहले जब बालेंद्र शाह काठमांडू के मेयर थे, तब उन्होंने बागमती नदी के किनारे स्थित थापाथली में अवैध ढांचों को हटाने के प्रयास किए थे। यह प्रयास सफल नहीं हो सका, क्योंकि के पी ओली के नेतृत्व वाली सरकार ने उनका सहयोग नहीं किया था।
पुलिस ने बताया कि थापाथली इलाके से झोपडि़यों और अस्थायी ढांचों में रह रहे 146 परिवारों को हटाया गया, जबकि गैरेगांव इलाके से 200 परिवारों को हटाया गया। परिवारों को काठमांडू के दशरथ स्टेडियम और कीर्तिपुर नगरपालिका में बने अस्थायी आश्रयों में स्थानांतरित कर दिया गया है।




