मेरा ट्रांसफर करवा दो या गोली मार दो’, बदमाशों के सामने लाचार हुए थाना प्रभारी
'Transfer me or shoot me', the police station in-charge was helpless in front of the miscreants

इंदौर/मध्य प्रदेश। बदमाशों के खिलाफ सख्त एक्शन की बात करने वाली मध्य प्रदेश पुलिस का एक ऐसा वीडियो सामने आया है जो हैरान कर देने वाला है। इंदौर के हीरानगर थाने में पुराने अपराध में दो बदमाशों को पेश किया गया था। इस मामले में थाना प्रभारी (टीआई) ने कार्रवाई की थी। अब पूरे मामले में टीआई ही लाचार हो गए हैं। टीआई ने थाने में सबसे सामने खुद को गोली मारने और अपना ट्रांसफर करवाने की बात कही। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
हीरानगर थाने के टीआई पूरे मामले में दबाव में नजर आए। उन्होंने गिड़गिड़ाते हुए कहा- ”मेरा ट्रांसफर करवा दो या फिर मुझे गोली मार दो।” दरअसल, इंदौर के हीरानगर थाने के अंदर दो बदमाश थाने के अंदर पुराने अपराध में पेश होने पहुंचे थे। उन्होंने बेसबॉल बैट के साथ एक रील बनाकर वायरल की थी। बताया जा रहा है कि इनमें एक बदमाश नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे का ड्राइवर है।
मामला रील विवाद को लेकर जुड़ा है। दो बदमाशों ने बेसबॉल के डंडे के साथ रील बनाई। यह रील सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई। वीडियो में युवराज और रवि नाम के दो युवक थाने में बेसबॉल के डंडे के साथ खड़े हैं और बैकग्राउंड में गाना चल रहा है ‘जेकर बाघ का करेजा देके ऊपर वाला भेजा’ इसमें एक बदमाश कांग्रेस नेता का ड्राइवर बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही परिजन थाने पहुंच गए और जमकर हंगामा मचाया। मौके पर मौजूद भीड़ ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरु कर दी, इतना ही नहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद थाना प्रभारी खुद लाचार दिखाई दिए। दबाव से परेशान होकर टीआई साहब ने कहा की मेरा ट्रांसफर कर दो या मुझे गोली मार दो। इसके बाद भीड़ से निकलकर एक युवक थाने के अंदर जा बैठा जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वहीं, इस पूरे मामले में एडिशनल कमिश्नर अमित सिंह ने कहा कि यह जांच का विषय है। हमारे एसीपी मामले की जांच करेंगे। शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा।




