दफ्तर छोड़ धान के खेत में पहुंचे डीएम साहब, किसान के साथ शुरू कर दी कटाई
DM sahab left his office and reached the paddy field and started harvesting with the farmer

संभल/उत्तर प्रदेश। संभल जिलाधिकारी राजेंद्र पैंसिया बहजोई के गांव बेहटा जय सिंह पहुंचे। यहां उन्होंने किसान मुंशी के खेत में धान की फसल का निरीक्षण किया। इसके बाद क्रॉप कटिंग के लिए खुद ही दरांती लेकर फसल काटने में जुट गए। डीएम ने किसान के खेत की धान की फसल काटकर क्रॉप कटिंग के मानक के अनुसार उसकी माप कराई। इसमें 43.3 वर्ग मीटर में 20 किलो 600 ग्राम धान निकला। डीएम पैंसिया के फसल काटने का ये मामला अधिकारियों के बीच चर्चा का विषय रहा।डीएम राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि क्रॉप कटिंग सभी जनपद में की जाती है। इसमें रैंडम आधार पर कुछ खेतों को चुना जाता है। इनकी उत्पादकता का आकलन त्रिकोणीय आकृति में खेत को काटकर उससे कितनी उत्पादकता हुई है, वह देखी जाती है। इससे दो लाभ होते हैं, प्रथम जनपद का जो औसत निकलता है। इससे यहां की उत्पादकता का पता चलता है और उसके आंकड़े शासन को भी प्रेषित किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि द्वितीय उत्पादकता अगर कम होती है तो उन किसानों को जिन्होंने फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमा करा रखा है, उन्हें लाभ होता है। अगर जनपद में उत्पादकता मानकों से कम रहती है, तब उन किसानों को फसल बीमा योजना के अंतर्गत लाभ दिया जाता है। किसानों को ज्यादा से ज्यादा फसल बीमा कराना चाहिए।




