मिर्जापुर बॉर्डर पर पकड़ी गई 2.50 करोड़ रुपये की अवैध शराब

मिर्जापुर/उत्तर प्रदेश। मिर्जापुर में पुलिस ने 2.50 करोड़ की अवैध शराब बरामद की है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने कंटेनर से 930 पेटी अवैध शराब बरामद करके एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस चेकिंग कर रही थी, चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर को रोका। कंटेनर की जांच किया तो 930 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। शराब हिमांचल प्रदेश से झारखंड जा रही थी, लेकिन रास्ते में पुलिस ने पकड़ लिया।
रविवार को अहरौरा पुलिस, एसओजी और आबकारी विभाग की टीम सुकृत बॉर्डर पर वाहनों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान एक कंटेनर वाहन को पुलिस ने रोका। कंटेनर की जब तलाशी ली गई तो उसमें 930 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (नाइट क्वीन डिलक्स व्हिस्की) बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत करीब 2.50 करोड़ रुपये है। पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्कर पवन कुमार निवासी साहा जनपद अम्बाला हरियाणा को गिरफ्तार करके एक्साइज एक्ट के तहत जेल भेज दिया।
एसपी अभिनन्दन ने बताया कि तस्कर प्रदेश का बॉर्डर बदलते ही कंटेनर का नंबर प्लेट राज्य के हिसाब से बदल देते थे, ताकि पुलिस को संदेह नहीं हो सके। अवैध शराब को लेकर कंटेनर ट्रक हिमांचल प्रदेश से होते हुए दिल्ली बॉर्डर पार करके मिर्ज़पुर पहुंच गई थी। आगे यह बिहार से होते हुए झारखंड के गढ़वा जिले में जाना था। जहां से इसे अलग-अलग जगहों पर बेचने के लिए सप्लाई होना था।
एसपी अभिनंदन ने बताया कि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। शराब बनाने वाले कौन है। शराब को पास कराने वाले और गाड़ी के मालिक कौन है। इन सभी को जल्द पकड़ा जाएगा। जहां पर इसकी खपत होनी थी, उसे भी पता लगाया जा रहा है। इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया जाएगा। सभी के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।




