हरे पत्ते खाने पर भैंस ‘गिरफ्तार’, मथुरा नगर निगम ने दर्ज कर लिया मुकदमा
Buffalo 'arrested' for eating green leaves, Mathura Municipal Corporation filed a case

मथुरा/उत्तर प्रदेश। मथुरा नगर निगम का गजब एक्शन सामने आया है। मथुरा में हरे पत्ते खाने की दोषी भैंस को निगम ने हिरासत में ले लिया है। साथ ही भैंस के मालिक पर केस दर्ज करा दिया है। अब भैंस का मालिक उसे छुड़ाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। इस घटना के बाद मथुरा जिले की खूब चर्चा हो रही है। लोग कह रहे हैं कि इसे ऐसे ही तीन लोक से न्यारी नगरी यूं ही नहीं कहा जाता।मामला वृंदावन के संरक्षित कुंभ मेला क्षेत्र का सामने आया है। जहां हरे पेड़ों के पत्ते चरने पर भैंसों को नगर निगम प्रशासन ने अपनी कस्टडी में रखा है। इतना ही नहीं भैंसों के मालिक के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। अब किसान अपनी भैंसों को छुड़ाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काटने पर मजबूर है।
धार्मिक नगरी में यमुना किनारे संरक्षित कुंभ मेला क्षेत्र में प्रशासन ने पौधारोपण कराया गया था। बीते गुरुवार को लगभग 6 भैंस और पड़िया चरते हुए सरंक्षित क्षेत्र में जा घुसे। कुछ पेड़ों से पत्ते चरने शुरू कर दिए। पेड़ों को नुकसान पहुंचाने की जानकारी जैसे ही नगर निगम प्रशासन को हुई तो तत्काल निगम की टीम मौके पर जा पहुंची। टीम ने भैंसों को अपनी हिरासत में ले लिया। नगर निगम के राजस्व निरीक्षक मुकेश कुमार और स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष यादव ने भैंसों के मालिक लाखन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
भारतीय वन अधिनियम के तहत भी किसान पर धारा आरोपित की गई है। निगम प्रशासन ने कस्टडी में ली गई भैंसों को कान्हा गौ आश्रय सदन में रखा गया है। किसान अपनी भैंसों को छुड़ाने के लिए अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रहा है। उक्त मामले को लेकर चंद्र प्रकाश पाठक, अपर नगर आयुक्त ने जानकारी दी।




