तीन की मौत, दर्जनों कारें बहीं, ढहे घर, कई फंसे, मंडी-धर्मपुर समेत हिमाचल में बारिश ने फिर मचाई तबाही

हॉस्टल में फंसे 150 बच्चे

मंडी/हिमाचल प्रदेश। मंडी जिले में सोमवार रात को भारी बारिश होने से तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। जिला सुंदरनगर उपमंडल की निहरी तहसील के ब्रगटा गांव में सोमवार रात लैंडस्लाइड होने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। जिले में लगातार भारी बारिश होने से लैंडस्लाइड की घटनाएं हो रही हैं। ब्रगटा गांव में लैंडस्लाइड होने से एक घर को काफी नुकसान पहुंचा। इसमें घर में मौजूद दो महिलाएं और 8 माह के बच्चे की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही निहरी चौकी की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने हादसे की पुष्टि की।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि हादसे के समय घर में पांच लोग मौजूद थे, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 64 वर्षीय तांगू देवी, 33 वर्षीय कमला देवी और 8 माह के भीष्म सिंह के रूप में हुई है। इसके अलावा जिन्हें सुरक्षित बचाया गया है, उनमें 65 वर्षीय खूब राम और 58 वर्षीय दर्शन देवी हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि रात से ही तेज बारिश में पुलिस और रेस्क्यू टीमें मैदान में जुट गई थीं। लोगों को सुरक्षित निकालने का काम रात से जारी है। जल्द ही सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। इससे पहले भी सुंदरनगर उपमंडल के जंगमबाग में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिसमें 7 लोगों की जान चली गई थी। उसके बाद अब इसी उपमंडल के निहरी में हादसा हुआ।
भारी बारिश और लैंडस्लाइड होने से क्षेत्र के अधिकतर मार्ग बंद हो गए हैं। बारिश और लैंडस्लाइड में फंसे लोगों को बचाने के लिए स्थानीय लोग और रेस्क्यू टीम अपने स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रही है। क्षेत्र में अभी भी रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है, जिससे चलते पहाड़ी से अभी भी मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है।
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। इस जिले के कई क्षेत्रों में चारों तरफ पानी ही पानी है।
सोन खड्ड में खड़ी एचआरटीसी और अन्य गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। इस बस स्टैंड में खड़ी निगम की बसें पानी में डूब गईं और कुछ बसें पानी के बहाव के साथ बह गईं। लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार रात 11 बजे से जिले के अधिकतर स्थानों पर बारिश हो रही है। बारिश इतनी तेज है कि लोग घर से भी बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। खड्ड के आसपास रहने वाले लोगों के घर में भी पानी भर गया है। इसकी वजह से घर के बाहर खड़े दर्जनों वाहनों को नुकसान पहुंचा।
कई लोग घरों में पानी घुसने के कारण ऊपरी मंजिल पर शरण लेने को मजबूर हुए हैं। यहां एक हॉस्टल में 150 बच्चे थे, उन्हें भी दूसरी और तीसरी मंजिल पर शिफ्ट कर दिया गया है। कुछ लोगों ने गाड़ियों के पानी में बहने की सूचना दी है। बहुत से वाहन बह गए हैं। घरों और दुकानों में मलबा घुस गया है। अभी सोन खड्ड का जलस्तर सामान्य हो रहा है।
भारी बारिश की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल बचाव और राहत कार्य शुरू किया। बचाव टीम लगातार लोगों के संपर्क में बनी हुई है। धीरे-धीरे स्थिति सामान्य देखने को मिल रही है। लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button