अंधेरे ने छीना जीवन: मां-बाप के साथ जा रहा चार साल का मासूम मैनहोल में गिरा

फरीदाबाद। फरीदाबाद सेक्टर-59 औद्योगिक इलाके में शनिवार रात सीवर के खुले मैनहोल में गिरकर चार साल के मासूम आनंद की मौत हो गई। घटना के समय बच्चा माता-पिता के साथ घर जा रहा था। अंधेरा होने के कारण मैनहोल दिखाई नहीं दिया और बच्चा अंदर गिर गया। एक कंपनी के कर्मचारी ने बच्चे को सीवर से बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना से गुस्साए लोगों ने कंपनी के गेट के पर कुछ देर हंगामा भी किया। मैनहोल कंपनी के गेट पर खुला हुआ था। लोगों का आरोप है हुडा व कंपनी की लापरवाही से बच्चे की मौत हुई। थाना सेक्टर 58 प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप ने बताया मृतक आनंद (4 साल) के पिता विकास झाड़सेंतली गांव में परिवार के साथ रहते हैं। सेक्टर-59 में चाय की दुकान है। चार बच्चों में मृतक आनंद छोटा था। गर्मियों की छुट्टियों के कारण बच्चे व पत्नी दुकान पर आ जाते हैं। शनिवार रात आठ बजे दुकान बंद कर पत्नी व बच्चों के साथ घर जा रहे थे। सड़क पर अंधेरा था और सभी एक दूसरे से आगे पीछे चल रहे थे।
स्काईपैक कंपनी के सामने रोड पर पहुंचे तो विकास को छोटा बेटा आनंद दिखाई नहीं दिया। थोड़ा पीछे जाकर आनंद की खोजबीन शुरू की तो आनंद की चप्पल सीवर के पानी में तैर रही थी। मैनहोल पर ढक्कन नहीं था। विकास और पत्नी सविता ने कंपनी के गेट पर खड़े गार्ड से बच्चे को तलाशने में मदद मांगी।
कुछ देर बाद एक अन्य कंपनी का कर्मचारी राहुल अपनी कंपनी से सीढ़ी व रस्सी लेकर आया और सीवर में उतर गया। दो बार की डुबकी में आनंद को बाहर निकाल लिया गया। आनन-फानन आनंद को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में भिजवा दिया है।




