गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल की अनूठी पहल, चौथी संतान होने पर हिंदू दंपती को दिए 21000 रुपये

पांचवां बच्‍चा पैदा करने पर 30 हजार की सहायता राशि

गाजियाबाद। हिंदुओं की जनसंख्या वृद्धि और सामाजिक संतुलन के एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए हिंदू रक्षा दल ने अपनी घोषणा को अमली जामा पहनाना शुरू कर दिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने वादे के मुताबिक चौथी संतान के जन्म पर एक हिंदू दंपति को 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भेंट की।
पिंकी चौधरी ने ऐलान किया था हिंदू समाज की जनसंख्या वृद्धि को प्रोत्साहित करने के लिए हिंदू रक्षा दल संगठन आर्थिक मदद देगा। दिल्ली के गगन विहार निवासी मनोज और पुष्पा के घर छह फरवरी को चौथी बेटी ने जन्म लिया। इस जानकारी के मिलते ही पिंकी चौधरी ने दंपती से मुलाकात की और उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप 21 हजार रुपये की राशि सौंपी।
संगठन की नीति को स्पष्ट करते हुए पिंकी चौधरी ने दोहराया कि यह अभियान केवल एक परिवार तक सीमित नहीं है। यदि कोई हिंदू परिवार पांचवें बच्चे को जन्म देता है तो संगठन की ओर से उसे 31000 रुपये की सहायता दी जाएगी। चौधरी का तर्क है कि हिंदू परिवारों को अपनी जनसंख्या बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना आवश्यक है। सनातन परिवार बढ़ेंगे तभी ये देश सुरक्षित रह पाएगा।
पिंकी चौधरी द्वारा रुपए बांटने और इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एक तरफ देश में जनसंख्या नियंत्रण के लिए तमाम संगठन आवाज उठा रहे है वहीं पिंकी चौधरी का परिवार बढ़ाने के लिए यह पुरस्कार वितरण चर्चा का विषय बन गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button