अटल जन्म शताब्दी वर्ष पर भाजपा शाहदरा ज़िला की विशेष कार्यशाला

वीरेंद्र सचदेवा ने दीप प्रज्वलित कर दी श्रद्धांजलि

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। भाजपा शाहदरा ज़िला द्वारा आयोजित अटल जन्म शताब्दी वर्ष की विशेष कार्यशाला में भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दीप प्रज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम् गाया।
अपने संबोधन में सचदेवा ने कहा कि भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात राष्ट्रनायक अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष पर देशभर में श्रद्धांजलि स्वरूप विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने अटल जी को दूरदर्शी राजनेता, संवेदनशील कवि और सशक्त वक्ता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने सुशासन, राष्ट्रीय एकता, विदेश नीति, बुनियादी ढांचे और सामाजिक समरसता के क्षेत्रों में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कीं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि शताब्दी वर्ष के अंतर्गत दीपोत्सव, रक्तदान शिविर, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, अटल स्मृति सम्मेलन, प्रदर्शनी, संगोष्ठियाँ, व्याख्यान, कवि सम्मेलन, युवा संवाद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर नई पीढ़ी को अटल जी के विचारों और आदर्शों से परिचित कराया जाए।
वीर बाल दिवस पर श्रद्धांजलि का आह्वान
सचदेवा ने इस अवसर पर 26 दिसम्बर को मनाए जाने वाले वीर बाल दिवस (शहादत दिवस) का उल्लेख करते हुए कहा कि यह दिन दसवें सिख गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबज़ादों — बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी की अद्वितीय वीरता और बलिदान को समर्पित है। उन्होंने कहा कि साहिबज़ादों ने कम आयु में भी अत्याचार के सामने झुकने से इनकार करते हुए सत्य, धर्म और मानव मूल्यों की रक्षा हेतु अपने प्राणों का बलिदान दिया। भाजपा शाहदरा ज़िला अध्यक्ष दीपक गाबा ने कहा कि वीर बाल दिवस केवल स्मरण का दिन नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी को सत्य, साहस और आत्मसम्मान के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने का अवसर है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह, ज़िला अध्यक्ष दीपक गाबा, ज़िला प्रभारी डॉ. अनिल गुप्ता, महिला मोर्चा अध्यक्ष ऋचा पाण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता नितिन त्यागी व ममता त्यागी, विधायक डॉ. अनिल गोयल व संजय गोयल, प्रदेश मंत्री सरदार बलबीर सिंह, ज़िला प्रवक्ता भारत गौड़, ज़ोन चेयरमैन रामकिशोर शर्मा, पूर्व विधायक नसीब सिंह, सहित सभी मंडल अध्यक्ष व निगम पार्षद उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button