एअर इंडिया का सर्वर देशभर में डाउन, दिल्ली एयरपोर्ट पर दिखी यात्रियों को लंबी कतार
मैनुअल तरीके से हुई चेकइन

नई दिल्ली। बुधवार को देश कई एयरपोर्ट पर एअर इंडिया का सर्वर डाउन हो गया, जिसके कारण यात्रियों का काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सर्वर डाउन होने के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर बोर्डिंग करने वाले यात्रियों की लंबी कतार देखने को मिली। दिल्ली एयरपोर्ट पर एक अधिकारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि देश के सभी हवाई अड्डों पर एअर इंडिया का सर्वर डाउन हो गया है। इसको जल्द ही सही कर लिया जाएगा।
एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि दोपहर 3 बजे से ही टर्मिनल-2 पर सर्वर में समस्या देखने को मिल रही है। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। टी-2 से जाने वाले यात्री परेशान होकर इधर-उधर टहलते नजर आए। हवाई अड्डे पर मौजूद एअर इंडिया के कर्मचारी ने बताया कि सॉफ्टवेयर काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण लगेज ड्रॉप नहीं किया जा पा रहा है।
कुछ यात्रियों ने दावा किया कि एअर इंडिया के सर्वर में कल से ही दिक्कत आ रही है। वहीं, संध्या नाम की एक पैसेंजर ने बताया कि वह कल देहरादून से दिल्ली आईं, उनकी विशाखापट्टनम की कनेक्टिंग फ्लाइट दिल्ली से थी; सर्वर में दिक्कत और विमान के लेट होने के कारण उनकी फ्लाइट छूट गई। जिसके कारण वह काफी परेशान हुई।
सॉफ्टवेयर में परेशानी आने के कारण अब एअरलाइन कंपनी ने मैनुअल तरीके से तिरुवनंतपुरम और पटना के लिए चेक इन शुरू की है। मैनुअल तरीके से चेक इन कराने के कारण प्रक्रिया काफी धीरे हो गई है।





