राइफल पर कलावा, पिस्टल पर तिलक, बीजेपी विधायक मीनाक्षी सिंह की शस्त्रपूजा की फोटो हुई वायरल

बुलंदशहर,(उत्तर प्रदेश)।  बुलंदशहर की खुर्जा से विधायक मीनाक्षी सिंह का विजयदशमी पर शस्त्रपूजा की एक तस्वीर काफी वायरल हो रही है। ये तस्वीर खुद मीनाक्षी सिंह ने शेयर की है। उन्होंने लिखा है कि आज दशहरा पर शस्त्र पूजा किया। इस तस्वीर पर अब तरह-तरह के कमेंट आ रहे हैं। कोई इसे हिंदुत्व से जोड़ रहा है तो कोई सवाल उठा रहा है कि एक विधायक को हथियारों से क्या काम? बहरहाल, तस्वीर में देखा जा सकता है कि विधायक कैसे पिस्टल पर तिलक लगा रही हैं, वहीं टेलिस्कोप लगी राइफल पर कलावा बंधा हुआ है। कटार, तलवार से लेकर कई तरह के हथियारों की पूजा चल रही है।
मीनाक्षी सिंह बुलंदशहर जिले से एकमात्र महिला विधायक हैं। वह बुलंदशहर के नवल विहार, मुरारी नगर में रहती हैं और लॉ ग्रेजुएट हैं। इस साल पहली बार उन्हें बीजेपी से टिकट मिला और पहली बार में ही उन्होंने रिकॉर्ड मतों के साथ खुर्जा सुरक्षित विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कर ली। उन्होंने सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी बंसी सिंह पहाड़िया को मात दी। पहाड़िया 2012 में खुर्जा से विधायक रह चुके थे।बता दें इससे पहले बुलंदशहर जिले में 2017 में दो महिला विधायक रही थीं। एक सिंकदराबाद सीट से विमला सोलंकी थीं, वहीं दूसरी डिबाई से अनीता लोधी। इसके बाद 2020 में उपचुनाव में ऊषा सिरोही भी विधायक बनीं। लेकिन इस बार जिले से सिर्फ एक ही महिला मीनाक्षी सिंह जीतकर विधानसभा पहुंची हैं।
वैसे विधायक बनने के बाद मीनाक्षी सिंह विधानसभा में जोर-शोर से क्षेत्र के मुद्दे उठाती रही हैं। हाल ही में मॉनसून सत्र के दौरान जब महिलाओं के लिए एक दिन का विशेष सत्र का आयोजन किया गया, तब भी मीनाक्षी सिंह ने आवाज बुलंद की। उन्होंने महिलाओं के मुद्दे पर अपनी राय रखी साथ ही सत्र में एनआरईसी महाविद्यालय को विश्वविद्यालय बनाए जाने का मुद्दा उठाया। कहा कि इससे छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यही नहीं उन्होंने क्षेत्र में कई संपर्क मार्गों का भी प्रस्ताव रखा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button