खेत में बर्बादी देखकर फूट-फूटकर रोने लगा किसान, कटनी कलेक्टर ने सीने से लगाकर बंधाया ढांढस

कटनी/मध्य प्रदेश। कटनी कलेक्टर अवि प्रसाद का वीडियो वायरल हो रहा है। एक किसान खेत में उनसे लिपटकर रो रहा है। कलेक्टर खेत में ही किसान को ढांढस बंधा रहे हैं। साथ ही सीने से लगाकर मदद का भरोसा दे रहे हैं। इस दौरान उनकी टीम ने यह वीडियो बनाया है। दरअसल, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि हुई है। इसकी वजह से किसानों के फसल तबाह हुए हैं। कटनी जिले में भी कई गांव के किसान प्रभावित हैं।
इसके बाद कटनी कलेक्टर अवि प्रसाद प्रभावित गांवों के दौरे पर पहुंचे थे। उनके साथ जिले के अधिकारियों की टीम थी। कलेक्टर बहोरीबंद क्षेत्र के पाली, मवई और कुमारी गांवों के खेतों का जायजा लेने के बाद जुझारी गांवों के खेतों में पहुंचे। जुझारी गांव में कलेक्टर के सामने बर्बाद फसल की जानकारी देते हुए किसान मथुरा यादव खुद को संभाल नहीं सके। वह कलेक्टर के सामने फफक-फफकर रोने लगे।
इस पर कलेक्टर अवि प्रसाद ने किसान मथुरा यादव का ढांढस बंधाया है। उन्होंने किसान को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन आपके साथ है, पूरी मदद की जाएगी, हौसला रखें। साथ ही किसान को सीने से लगा लिया। हाथ रखकर उन्हें हौसला दे रहे थे। कलेक्टर ने अन्य किसानों से भी कहा है कि आपदा की इस घड़ी में प्रशासन आपके साथ है।
कटनी कलेक्टर अवि प्रसाद ने यह भी कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करते हैं, खून-पसीना बहाते हैं, तब बड़ी मुश्किल से फसल तैयार होती है। ओला-वृष्टि से किसानों की उम्मीदें धूमिल होती हैं। लेकिन किसान भाई चिंता नहीं करें, उनकी फसल की क्षति का आंकलन कर प्रभावितों को राहत राशि प्रदान की जाएगी।




