बेसहारा पशुओं की मदद से ‘रोड जाम’ कर वीडियो बनाता है दिल्ली का यह यूट्यूबर, कार में रखकर चलता है चारा

नई दिल्ली। यूट्यूबर प्रदीप ढाका ने वीडियो बनाने के लिए पहली बार रोड जाम नहीं किया है। इससे पहले भी कई बार वह वीडियो बनाने के लिए रोड जाम कर चुका है। नियमों को ताक पर रखने की और भी दर्जनों वीडियो उसने इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर अपलोड कर रखी हैं। इनमें दिखाई दे रहा है कि वह कभी एलिवेटिड फ्लाईओवर के नीचे सड़क पर गाड़ी पार्क कर गाड़ी की छत पर खड़ होकर उठक बैठक कर रहा है तो कभी खड़े होकर सूपरमैन की पोज में वीडियो बनाता नजर आ रहा है। हैरानी की बात तो ये है कि गाड़ी के आसपास बेसहारा पशुओं को इकट्ठा करने व रोड को बंद करने में वह पशुओं का भी सहारा ले रहा है। इसके लिए वह खेतों से चारा भी गाड़ी पर रखकर लाता है और उसे सड़क पर फेंक देता है।हरा चारा खाने के लिए काफी बेसहारा पशु इकट्ठे हो जाते हैं और वह अपनी वीडियो बनाने लग जाता है।
यूट्यूबर के 71 हजार से ज्यादा इंस्टाग्राम पर फालोअर हैं और वह कभी दिल्ली एनसीआर में तो कभी दूसरे राज्यों में नियमों को ताक पर रखकर वीडियो बना रहा है।किसी भी वीडियो में उसने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी है।
यूट्यूबर अपने ज्यादातर वीडियो में हथियार के साथ दिखाई देता है।कभी उसके हाथ में पिस्टल दिखाई देती है तो कभी उसके बाडी गार्ड अलग-अलग हथियारों का इस्तेमाल करते दिखाई देते हैं।हालांकि ये हथियार नकली हैं या असली, यह जांच का विषय है।फिलहला प्रदीप को फालो करने वाले ज्यादातर युवा हैं, एेसे में वह युवाओं पर गलत प्रभाव डाल रहा है। कुछ वीडियो में तो पुलिस कर्मी भी नजर आ रहे हैं।
यूट्यूबर ज्यादातर वीडियो बिना नंबर प्लेट की गाड़ियो में सवार होकर बनाता है।किसी गाड़ी के नंबर मोडिफाई हैं तो किसी गाड़ी पर पुराने वाहन बेचने वाले डीलर का नाम नंबर प्लेट पर लिखा है।इसके अलावा इन गाड़ियों में हूटर भी लगाया गया है।मोडिफाइड गाड़ियों पर ड्रिफ्ट।
क्रिकेटर व मंत्री के साथ फोटो लेकर भी यूट्यूबर ने इंस्टाग्राम पर अपलोड कर रखे हैं।इसके अलावा और दूसरे यूट्यूबर के साथ बीच सड़क पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करके के वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किए गए हैं। एक वीडियो में यूट्यूबर सांप को हाथ में लिए हुए दिखाई दे रहा है।वह सांप को हाथ में ऊपर की और उठाता है और फिर सांप के सामने वह जीभ निकालता है। इस दौरान महिलाएं भी हाथों में पैसे या डालर लेकर खड़ी दिखाई देती है। जब यूट्यूबर प्रदीप ढाका की कार के चालान चेक किए गए तो पता लगा कि 19 जनवरी को 500, 16 जनवरी को 11500 और 25 मई 2023 को 500 रुपये का चालान भी अभी तक बकाया है।इनका भुगतान नहीं किया गया है।




