उत्तर-पूर्वी जिले की दिल्ली पुलिस में तैनात हवलदार ने पड़ोसियों पर ढाया कहर, तीन के फटे सिर, बुजुर्ग महिला को भी पीटा

दिल्ली ब्यूरो दिल्ली में उत्तर-पूर्वी जिले की पुलिस के एक हवलदार ने पूरे पुलिस महकमे को शर्मसार कर दिया। हवलदार ने पड़ोसी परिवार पर रंजिश के दौरान डंडे से हमला कर दिया। आरोपी ने पड़ोसी महिला को भी नहीं छोड़ा। हमले के दौरान तीन युवकों के सिर फट गए, जबकि एक युवक का हाथ टूट गया। आरोप है कि हमले में आरोपी हवलदार लुकमान का परिवार भी शामिल हो गया। बाद में हमला करने वाले सभी आरोपी फरार हो गए। हमले में वसीम, उसके चाचा के बेटे सलीम, महबूब के सिर फट गए, जबकि इमरान का हाथ टूट गया। इसके अलावा वसीम की मां गुलबहार (50) बुरी तरह से जख्मी हो गईं। सूचना पर पहुंची हर्ष विहार थाना पुलिस ने घायलों के बयान लेकर आरोपी लुकमान के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रयास और मारपीट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस पीड़िता से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। मामले में फिलहाल अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।पुलिस के मुताबिक वसीम अपने परिवार के साथ हर्ष विहार के मंडोली विस्तार में रहता है। इसके परिवार में पिता अय्यूब खान के अलावा मां गुलबहार और तीन बहनें हैं। वसीम की करोल बाग इलाके में ऑटो पार्ट्स की दुकान है। इनके पड़ोस में ही लुकमान अपने परिवार के साथ रहता है। लुकमान दिल्ली पुलिस में हवलदार के पद पर तैनात है।साल 2020 में लुकमान का वसीम की चाची से गली में सफाई लेकर झगड़ा हो गया था। जिस पर आरोपी ने वसीम की चाची को पीटा था। वसीम जब अपनी चाची को बचाने आया तो आरोपी ने उसे भी पीटा था। तभी से दोनों परिवारों बीच रंजिश चली आ रही है। सोमवार को वसीम की शादीशुदा बहन अपने पति के साथ घर पर आई हुई थी। देर रात उसकी बहन जाने लगी तो वसीम मां के साथ बहन को छोड़ने मेन रोड तक बाइक से आ गया। मां-बेटे वापस गली में पहुंचे तो लुकमान वहां बैठा हुआ था। उसने वसीम को ललकारते हुए डंडे से उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करा रही गुलबहार पर भी हमला किया गया।

चीख-पुकार सुनकर वसीम के चाचा के बेटे सलीम, मुस्तकीम, महबूब और इमरान भी वहां पहुंचे। आरोपी ने इन पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि लुकमान के परिवार के बाकी सदस्य भी वहां पहुंच गए। इन लोगों ने भी परिवार पर हमला कर दिया। हमले में इमरान का हाथ टूट गया, जबकि वसीम, सलीम और महबूब का सिर फट गया। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी लुकमान की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button