स्वीमिंग पूल, क्लब, पोडियम पार्किंग, मुंबई में अब लग्जरी घर देकर डॉक्टरों को लुभाएगा जेजे अस्पताल
JJ Hospital will now lure doctors by offering swimming pool, club, podium parking, luxury houses in Mumbai

मुंबई/एजेंसी। जेजे अस्पताल ने डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए उन्हें लग्जरी घर देने की योजना बनाई है। इसके तहत अस्पताल परिसर की पुरानी इमारतों को जमींदोज कर 8 नई इमारतें बनाई जाएंगी। इनमें क्लास-1 से लेकर क्लास-4 के कर्मचारियों को रहने के लिए फ्लैट बनेंगे। नई इमारत में पोडियम पार्किंग, स्विमिंग पूल, गार्डन सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। 728 करोड़ रुपये के खर्च वाले इस प्रॉजेक्ट की टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। दक्षिण मुंबई में सुविधाओं वाले घर मिलने से डॉक्टर जेजे अस्पताल में सेवाएं देने के लिए आकर्षित होंगे। फिलहाल बड़ी संख्या में पद खाली हैं।
सामान्यत: अस्पताल परिसर में रहने वाले डॉक्टरों की शिकायत होती है कि हाउस रेंट अलाउंस देने के बावजूद उन्हें सपरिवार रहने के लिए बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं। स्टाफ क्वार्टर की इमारतें जर्जर हो चुकी हैं। कमरे भी छोटे और अपर्याप्त है। इसी के चलते अस्पताल परिसर में 8 नए टावर बनाए जाएंगे, इस प्रॉजेक्ट का खाका पीडब्ल्यूडी ने तैयार किया है। अब केंद्रीय एजेंसी हाइट्स इस प्रॉजेक्ट की टेंडरिंग प्रक्रिया देखेगी।
क्लास 1 और 2 के लिए 32 मंजिला इमारत
क्लास 1 और 2 के डॉक्टर फिलहाल धनवंतरी 1 और 2 नंबर इमारत में रहते हैं। यह इमारत करीब 70 साल पुरानी है। इन इमारतों में फिलहाल 32 फ्लैट ही हैं। अब उक्त इमारतों को गिराकर बेसमेंट सहित 22 मंजिला बिल्डिंग बनाई जाएगी। इसमें 3 बीएचके 40 घर होंगे (प्रति घर 1152 वर्ग फीट) और 2 बीएचके के 110 (प्रति घर 872 वर्ग फीट) घर होंगे।
क्लास 3 के लिए बनेंगी 3 इमारतें
सिक्स ब्लॉक में 3 पोडियम सहित 34 मंजिल की 3 इमारतें बनाई जाएंगी। वहीं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के लिए 3 पोडियम सहित 34 फ्लोर की 4 इमारतें बनाई जाएंगी।




