सीएम बनते ही उमर अब्दुल्ला ने डीजीपी को दिया बड़ा निर्देश

As soon as he became CM, Omar Abdullah gave a big instruction to DGP

श्रीनगर/एजेंसी। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद उमर अब्दुल्ला ने सीएम पद की शपथ ली। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उमर अब्दुल्ला के अलावा सुरेंद्र चौधरी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। साथ ही सकीना इट्टू, जावेद राणा, जावेद डार और सतीश शर्मा ने मंत्री पद की शपथ ली। सीएम पद की शपथ लेने के बाद उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि जब वह सड़क से कहीं भी जाते हैं तो उनके लिए कोई ग्रीन कॉरिडोर या ट्रैफिक रुकना नहीं चाहिए। उन्होंने डीजीपी जम्मू कश्मीर से इस बारे में बात की है।
उन्होंने डीजीपी को निर्देश दिए हैं कि जनता को कम से कम असुविधा हो और सायरन का इस्तेमाल कम से कम हो। लाठी भांजने या आक्रामक हावभाव का इस्तेमाल पूरी तरह से बंद होना चाहिए। अब्दुल्ला ने अपने कैबिनेट सहयोगियों से भी ऐसा ही करने को कहा है। उन्होंने कहा कि हर चीज में हमारा आचरण जनता के अनुकूल होना चाहिए। हम यहां लोगों की सेवा के लिए हैं, उन्हें असुविधा पहुंचाने के लिए नहीं।
श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर (एसकेआईसीसी) में हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, सुप्रिया सुले, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव समेत इंडिया ब्लॉक के कई नेता शामिल हुए। केंद्र शासित प्रदेश में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव हुए हैं। कांग्रेस पार्टी ने उमर अब्दुल्ला की सरकार को बाहर से समर्थन देने का फैसला किया है। जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के नतीजे की बात करें तो, नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) को 42 और कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के खाते में 28 सीटें आई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button