इंदौर में डॉक्टर्स डे पर ऑपरेशन के लिए रिश्वत ले रही सरकारी डॉक्टर गिरफ्तार

इंदौर,(मध्य प्रदेश)। लोकायुक्त पुलिस ने इंदौर जिले से डॉक्टर्स डे पर एक महिला डॉक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। महिला डॉक्टर ऑपरेशन के लिए आठ हजार रुपये की मांग कर रही थी। फरियादी की शिकायत पर लोकायुक्त ने मामले की जांच की। इसके बाद महिला डॉक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ ट्रैप किया है। महिला शासकीय डॉक्टर हैं।दरअसल, सरदारपुर की शासकीय अस्पताल में पदस्थ महिला डॉक्टर के खिलाफ लोकायुक्त को शिकायत मिली थी। इंदौर लोकायुक्त की टीम ने केस का सत्यापन किया है। इसके बाद स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ संगीता पाटीदार को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। डॉक्टर पाटीदार ने सरदारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डिलीवरी कराने को लेकर 10 हजार रुपये की मांग की थी। इस पर आवदेक महेश ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त को पूरे मामले में शिकायत की थी।
लोकायुक्त की टीम ने पैसों की मांग की रेकार्डिंग करवाई थी। लोकायुक्त डीएसपी प्रवीण सिंह बघेल ने बताया कि डॉक्टर पाटीदार पहले 10 हजार रुपये की मांग कर रही थीं। बातचीत के दौरान आठ हजार रुपये में बात तय हुई थी।डॉक्टर ने फरियादी महेश से 2 हजार रुपए उसी समय ले लिए थे। लोकायुक्त ने रिश्वत की राशि लेने वाली निजी कर्मचारी पूजा बबेरिया को भी सह आरोपी बनाया है। डॉक्टर के खिलाफ रिश्वत केस में विभागीय कार्रवाई भी हो सकती है।




