पीएम मोदी के जन्मदिन पर गुजरात में मां हीराबेन सरोवर का हुआ लोकार्पण

अहमदाबाद/एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर देश-दुनिया करोड़ों बधाई संदेश मिले लेकिन गुजरात में 75वें जन्मदिन पर मां हीराबा सरोवर का उद्घाटन हुआ। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पाटन जिले के सिद्धपुर में इस सरोवर का शुभारंभ किया। इस इस सरोवर का विकास राज्य सरकार के नर्मदा, जल संसाधन, जल आपूर्ति और कल्पसार विभाग द्वारा लोकमाता सरस्वती नदी के पुनरुद्धार कार्य के तहत किया गया है। राज्य सरकार ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा कि यह पहल जल संरक्षण, सिंचाई और दूरदराज के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जन भागीदारी को जल प्रबंधन से जोड़ने के प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण को बताती है। 99 साल की आयु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी का 30 दिसंबर 2022 को निधन हो गया था।
सावजी ढोलकिया फाउंडेशन के फुलिबा ट्रस्ट के सहयोग से नदी पुनरुद्धार परियोजना से मधुपवड़िया चेक डैम के निचले इलाकों में जलभराव को रोकने की उम्मीद है। इस जलाशय में 45 मिलियन क्यूबिक फीट से अधिक पानी संग्रहित होगा, जिससे लगभग 150 हेक्टेयर कृषि भूमि को लाभ होगा और आसपास के 20 से अधिक रिचार्ज कुओं का भूजल स्तर बढ़ेगा। कार्यक्रम में सिद्धपुर विधायक एवं उद्योग मंत्री बलवंतसिंह राजपूत और जल संसाधन एवं जल आपूर्ति मंत्री कुंवरजीभाई बावलिया मौजूद रहे। मुख्यमंत्री भूपेंट पटेल ने इस परियोजना को प्रधानमंत्री मोदी की मां हीराबा को श्रद्धांजलि स्वरूप समर्पित किया, जिनकी दृढ़ता और जनसेवा की शिक्षाओं ने उनके बेटे को समाज कल्याण के प्रति आजीवन समर्पित किया।




