एनएसए अजित डोभाल को नेशनल डिफेंस कालेज ने किया ‘स्क्राल आफ आनर’ से सम्मानित

नई दिल्ली,(एजेंसी)। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज ने ‘स्क्राल आफ आनर’ से सम्मानित किया है। डोभाल ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सेना के प्रमुख संस्थान का दौरा करने पर पुरस्कार हासिल किया। डोभाल एनडीसी के पूर्व छात्र हैं।
सेना के संस्थान के 62वें कोर्स का हिस्सा रहे छात्रों को अपने संबोधन में अजित डोभाल ने ‘इंडिया@2050: पोटेंशियल एंड प्रासंगिकता’ (India@2050:Potential & Relevance) विषय पर भी बात की। उन्होंने देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था और शक्तिशाली मानव पूंजी के कारण भारत के उज्ज्वल भविष्य को रेखांकित किया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत भू-राजनीतिक स्थिरता और सुरक्षा देने वाला देश है।
इससे पहले राज्य स्थापना दिवस पर 2022 के उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार (Uttarakhand Gaurav Samman) की घोषणा की गई थी। उत्तराखंड सरकार ने इसके लिए राज्य के पांच विभूतियों के नामों की घोषणा की थी। इनमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, पहले चीफ आफ डिफेंस स्टाफ रहे जनरल स्व बिपिन रावत, फिल्म सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी, प्रसिद्ध गीतकार स्व गिरीश चंद्र तिवारी गिर्दा और साहित्यकार स्व वीरेन डंगवाल के नाम शामिल हैं। इनमें तीन विभूतियों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया गया। पुरस्कार में एक लाख रुपये की सममान राशि, प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिह्न प्रदान किया गया। राज्य स्थापना दिवस पर नौ नवंबर को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार प्रदान किया गया।




