गाजियाबाद में दारोगा पर रेप का आरोप, पीड़िता ने कहा- जांच के लिए बुलाया और लूट ली अस्मत

गाजियाबाद ब्यूरो। लिंक रोड थाना क्षेत्र की सूर्य नगर पुलिस चौकी के पूर्व प्रभारी उपनिरीक्षक अंशुल कुमार पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। उसकी शिकायत पर अंशुल कुमार के खिलाफ दुष्कर्म, गर्भपात, मारपीट सहित पांच धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पीड़िता का आरोप है उनके एक मुकदमे में अंशुल कुमार जांच अधिकारी थे। जांच के दौरान वह उनके संपर्क में आईं। बहाने से वह उन्हें सुनसान स्थानों पर ले गया। पत्नी को तलाक देकर उनसे शादी करने का झांसा दिया। उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए। वह गर्भवती हो गईं और गर्भपात कराया।
उन्होंने गत पांच जनवरी को महिला सेल में शिकायत की। 13 अक्टूबर को वह उसके कवि नगर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर घर गईं। वहां उसने उनके साथ मारपीट की। मोबाइल तोड़ दिया। उन्होंने इसकी शिकायत दी। शनिवार को उसके खिलाफ लिंक रोड थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई। पीड़िता का आरोप है कि दारोगा अंशुल कुमार उन्हें बड़े-बड़े होटलों में ले गया था। पुलिस होने के नाते वह उससे बहुत डर गई थीं। अंशुल कुमार शास्त्री नगर में रहता है। 13 अक्टूबर को जब उनके साथ मारपीट हुई थी तो वह कवि नगर थाना गई थीं। पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की थी। वहां काफी देर तक हंगामा चला था। पुलिस ने मामले को लिंक रोड का बता दिया था। उसके बाद पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी. से शिकायत की थी। उनके आदेश के बाद मुकदमा दर्ज हुआ है। अंशुल का पक्ष जानने के लिए उसे काल की गई। संदेश भेजा गया। उसने कोई जवाब नहीं दिया।




