ई-रिक्शा चालकों को नशा कराकर वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

बरेली,उत्तर प्रदेश। कैंट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ई-रिक्शा चालकों को झांसे में लेकर शराब या नशीला पदार्थ पिलाने के बाद उनके वाहन चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन कथित सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के दो ई-रिक्शा, एक बैटरी, वारदात में इस्तेमाल दो ऑटो, दो मोबाइल फोन और 12 बोर का तमंचा बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, शाहजहांपुर निवासी पप्पू, जो वर्तमान में नवादा शेखान में रह रहे हैं, ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को सेटेलाइट पुल के पास दो युवकों ने 400 रुपये में उनका ई-रिक्शा बुक किया। रास्ते में आरोपियों ने शराब मंगाई और उन्हें भी पिला दी। नशे की हालत में जब वह लघुशंका के लिए रुके, इसी दौरान आरोपी ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए।
शिकायत के बाद कैंट पुलिस और एसओजी की टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सेटेलाइट से नकटिया की ओर जाने वाले पुल के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बदायूं जिले के हजरतपुर क्षेत्र निवासी सलीम, दिनेश और अंकित ठाकुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑटो से बरेली आते थे और सीधे-साधे ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाते थे। चालक को शराब या कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाने के बाद सुनसान स्थान पर छोड़ दिया जाता था और ई-रिक्शा लेकर फरार हो जाते थे। चोरी किए गए वाहनों को बल्लिया के पास झाड़ियों में छिपाने की बात भी आरोपियों ने पुलिस को बताई।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 11 सितंबर को सेटेलाइट और 13 सितंबर को महेशपुरा फाटक के पास से ई-रिक्शा चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा तीन सितंबर को बदायूं के बिनावर क्षेत्र में एक चालक को नशा देकर उसके ई-रिक्शा से चार बैटरियां निकालने और वाहन को खेत में छोड़ने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो ई-रिक्शा, एक बैटरी, दो ऑटो, दो मोबाइल फोन और 12 बोर का तमंचा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के अन्य मामलों और संभावित सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।




