हरिद्वार में प्रतिबंध के बावजूद चल रही मांस-मदिरा की दुकानें, सराय में होंगी शिफ्ट

हरिद्वार/उत्‍तराखंड। नगर निगम की बोर्ड बैठक छह अप्रैल को ऋषिकुल आडिटोरियम में पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगी। बैठक में सराय में मीट की दुकान आवंटन, बसंत भवन ट्रस्ट समेत कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी। पिछले काफी समय से हरिद्वार नगर निगम की बोर्ड बैठक नहीं हुयी है। काफी समय से पार्षद बोर्ड बैठक कराने की मांग कर रहे थे। इसे लेकर कांग्रेस पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल महापौर किरण जैसल से भी मिला था। भाजपा पार्षद भी ज्वालापुर क्षेत्र में बैठक कर जल्द बोर्ड बैठक कराने की मांग कर चुके हैं।
होली, रमजान के बाद लगातार कई दिनों की छुट्टी आदि के चलते बैठक कराना संभव नहीं हो पाया। बहरहाल महापौर की ओर से अब छह अप्रैल को बोर्ड बैठक बुलायी गयी है। महापौर किरण जैसल ने बताया कि नगर निगम की बोर्ड बैठक छह अप्रैल सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे ऋषिकुल आडिटोरियम में बुलायी गयी है। बैठक में सराय में मीट की दुकान आवंटन समेत 45 प्रस्तावों पर चर्चा होनी है।
बताया कि नगर निगम क्षेत्र में मांस, मदिरा पूरी तरह से प्रतिबंधित है लेकिन नगर निगम के ज्वालापुर क्षेत्र में मीट-मछली आदि की दुकानें संचालित हैं। हिंदूवादी संगठनों की ओर से समय-समय इसका विरोध किया जाता रहा है।
इसे नगर क्षेत्र से बाहर हटाने की मांग पिछले काफी समय से की जा रही है। इसे गंभीरता से लेते नगर निगम प्रशासन की ओर से सराय में 68 दुकानें तैयार करायी गयी है। बोर्ड की मंजूरी उपरांत शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बताया कि पका नानवेज की दुकानें सराय में शिफ्ट कराने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। हालांकि एजेंडे में इस बिंदु पर चर्चा की बात है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button