बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के निजी सहायक अकरम पर केस दर्ज,क्रिकेटर ने लगाया धोखाधड़ी का आरोप

कानपुर/उत्तर प्रदेश। गोरखपुर के क्रिकेटर ने उन्नाव में सहारनपुर क्रिकेट असोसिएशन से जुड़े अकरम सैफी और दो अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी की FIR दर्ज करवाई है। अकरम बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के निजी सहायक हैं। एसएचओ प्रमोद मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है।
एफआईआर के अनुसार, सत्य प्रकाश यादव कानपुर में क्रिकेट खेलता है। आरोप है कि सत्य प्रकाश ने यूपी क्रिकेट असोसिएशन के कई ट्रायल्स में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन सिलेक्शन नहीं हुआ। इस दौरान उसकी मुलाकात अनुराग से हुई। अनुराग ने कहा कि उसका सीधा संबंध अकरम से है, जो सहारनपुर क्रिकेट असोसिएशन के चेयरमैन हैं। उसने सत्य प्रकाश अकरम से मिलवाया।
आरोप के मुताबिक, अकरम ने कहा कि अनुराग जैसा कह रहा, वैसा कर लो, मैं तुम्हें खिलवा दूंगा। इसके बाद अनुराग ने क्रिकेटर से 10 लाख रुपये मांगे। सत्य प्रकाश ने अनुराग को 8 लाख रुपये नकद और 2.45 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। इसमें से 75 हजार अनुराग के भाई अनुभव के खाते में भी डाले गए। सिलेक्शन न होने पर सत्य प्रकाश ने पैसे वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद अकरम, अनुराग व अनुभव के खिलाफ IPC-420,406,506 के तहत केस दर्ज करवाया गया।




