गुरुग्राम में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ढाबे की बिल्डिंग सहित 10 मकानों पर चला बुल्डोजर

गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम की एन्फोर्समेंट टीम ने बृहस्पतिवार काे न्यू कॉलोनी में अवैध निर्माणों को तोड़ने के लिए अभियान चलाया। दस अवैध निर्माणों को तोड़ने के साथ ही सील भी किया। यह कार्रवाई जोन-एक की एन्फोर्समेंट टीम द्वारा की गई।
सहायक अभियंता (एन्फोर्समेंट) दीपक कुमार और जेई सचिन कुमार की टीम जेसीबी व पुलिस बल लेकर न्यू कॉलोनी में पहुंची। यहां पर कई निर्माणकर्ताओं ने नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध निर्माण किए हुए थे। टीम ने मौके पर बुल्डोजर की मदद से अवैध निर्मित हिस्सों को तोड़ा तथा सील करने की भी कार्रवाई की।
किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल मौजूद रहा। बता दें कि नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ द्वारा चारों जोन की एन्फोर्समेंट टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उनके क्षेत्रों में अतिक्रमण, अवैध निर्माण तथा निगम की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए लगातार कार्रवाई करें।
वहीं, पलवल में एनएचएआई ने बघौला गांव में 37 लोगों के घरों में नोटिस चस्पा किए हैं। चस्पाए गए नोटिस में कहा गया है कि लोग 15 दिनों में अपने अपने घरों को हटा लें। अन्यथा एनएचएआ तोड़फोड़ की कार्रवाई अमल में लाएगी विभाग की इस कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों में अपना आशियाना टूटने की चिंता सता रही है। इस तोड़ फोड़ से घबराए ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त नेहा सिंह से मिल कर अपनी व्यथा बताई।
उन्होंने न्याय की गुहार लगाते हुए दोबारा से पैमाइश कराए जाने की मांग की है। जिला उपायुक्त ने ग्रामीणों को सही से जांच कराए जाने का भरोसा दिलाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सर्विस लेन के साथ जबरदस्ती उनकी जमीन पर कब्जा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने सुरेश चौहान, राजपाल, देवकी, नेतराम, टेकचंद, तेजराज, राम प्रसाद, सोनू, धर्मबीर ने जिला उपायुक्त नेहा सिंह को बताया कि राजमार्ग छह लेन बनाए जाने के बाद बघौला गांव में व्हीकल अंडरपास का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।



