मारपीट के मामले में बिग बॉस फेम और चर्चित यूट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार हिरासत में, चौकी में भी हुआ हंगामा

बिग बॉस फेम और चर्चित यूट्यूबर अनुराग डोभाल के चचेरे साले राज सिंह चौहान ने उन पर अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है।

देहरादून, एजेंसी। चर्चित यूट्यूबर और बिग बॉस फेम अनुराग डोभाल को मारपीट के एक मामले में देहरादून पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, अनुराग डोभाल समेत चार लोगों के खिलाफ राज सिंह चौहान के साथ कथित मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घायल राज सिंह का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।
नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि कुछ युवक आपस में विवाद और मारपीट कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां अनुराग डोभाल और उनके साथियों के साथ राज सिंह चौहान का विवाद चल रहा था। पुलिस दोनों पक्षों को समझाकर बायपास पुलिस चौकी ले आई।
पुलिस के मुताबिक, चौकी में दोनों पक्षों से बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान कथित तौर पर दोबारा राज सिंह चौहान से मारपीट करने पर उतारू हो गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक चौकी में हंगामे की स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया और घायल राज सिंह को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा।
राज सिंह चौहान की तहरीर के आधार पर अनुराग डोभाल और अन्य आरोपियों के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि राज सिंह चौहान की चचेरी बहन रितिका, अनुराग डोभाल की पत्नी हैं। दोनों परिवारों के बीच पारिवारिक विवाद चलने की बात सामने आई है। इसी विवाद को लेकर बातचीत के लिए अनुराग ने राज सिंह को बुलाया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस अब घटना के पूरे क्रम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button