मीडिया में खबर छपते ही हरकत में आया नगर निगम, जीटीबी अस्पताल के बाहर से हटाया गया अतिक्रमण

दिल्ली ब्यूरो। अखबारों में खबर छपने पर संज्ञान लेकर बृहस्वपतिवार काे दिल्ली नगर निगम के शाहदरा उत्तरी जोन ने जीटीबी अस्पताल के बाहर से अतिक्रमण हटाया। अतिक्रमण हटाने से नाराज होकर एक व्यक्ति ने निगम की टीम पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हमला करने वाले केशव को हिरासत में लिया।
निगम ने रेहड़ियों को तोड़ने के साथ ही काफी सामान जब्त किया। अखबारों में जीटीबी अस्पताल के बाहर अतिक्रमण की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसपर संज्ञान लेकर निगम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
निगम के अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह निगम की टीम जीटीबी अस्पताल के बाहर पहुंची थी। साथ में दिल्ली पुलिस भी मौजूद थी। निगम की टीम ने तोड़फोड़ व सामान जब्त की कार्रवाई शुरू की ताे एक व्यक्ति भड़क गया। उसने अचानक से निगम के कर्मचारियों पर हमला कर दिया। लात घूंसे मारने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे काबू किया।
निगम उपायुक्त अभिषेक मिश्रा ने कहा कि अतिक्रमण को लेकर निगम गंभीर है। अखबारों में प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेकर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। फुटपाथ व सड़क दोनों जगह से अतिक्रमण को हटाया गया। पुलिस को भी सूचना दी गई है कि अस्पताल के बाहर अतिक्रमण न होने दें।
अतिक्रमण के हटने से अस्पताल आने वाले मरीजों व तीमारदारों ने राहत की सांस ली है। अतिक्रमण के हटने से सड़क पर ट्रैफिक दौड़ता नजर आया जबकि रोज सुबह से शाम तक यहां जाम के हालात बनते थे। स्थानीय लोगों ने भी मीडिया का आभार जताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button