गाजियाबाद में निकाय चुनाव के लिए 17 से 24 तक होगा नामांकन, जानिए मतदान तारीख और खर्च की सीमा

  • डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता में दी जानकारी, नामांकन वापसी 27 को
  • मेयर के लिए नामांकन पत्र एक हजार रुपये में, पार्षद के लिए 400 रेट तय
  • 606 मतदान केंद्र बनाए गए, 198 अति संवेदनशील, 51 अतिसंवेदनशील प्लस

गाजियाबाद ब्यूरो ।नगर निकाय चुनाव का प्रारूप सोमवार को सामने आ गया। 17 से 24 अप्रैल तक नामांकन कराया जा सकेगा। 28 अप्रैल को सिंबल आवंटित किया जाएगा। मतदान 11 मई को होगा। डीएम आरके सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नाम वापसी 27 अप्रैल को हो सकेगी। गाजियाबाद में मेयर का पद सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित हुआ है। इसके लिए नामांकन पत्र का शुल्क एक हजार रुपये तय किया गया है। जमानत राशि 12 हजार रुपये होगी। मेयर प्रत्याशी चुनाव में 40 लाख रुपये तक खर्च कर सकते हैं। नगर निगम पार्षद के सामान्य वर्ग के नामांकन पत्र का शुल्क 400 रुपये और जमानत राशि 2500 रुपये रखी गई है। एससी-एसटी वर्ग के लिए नामांकन पत्र 200 रुपये में मिलेगा। इनके लिए जमानत राशि 1250 रुपये तय की गई है। पार्षद चुनाव में 3 लाख रुपये तक खर्च कर सकते हैं।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के सामान्य वर्ग के प्रत्याशी के लिए नामांकन पत्र की फीस 500 रुपये और जमानत राशि 8 हजार रुपये तय की गई है। एससी-एसटी वर्ग के प्रत्याशी के लिए नामांकन पत्र की फीस 250 रुपये है। इनके लिए जमानत राशि 4 हजार रुपये है। चुनाव में 9 लाख रुपये तक खर्च करने की सीमा होगी। चुनाव कराने के लिए 606 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 236 केंद्र संवेदनशील हैं। 198 अतिसंवेदनशील और 51 अतिसंवेदनशील प्लस हैं। चुनाव के लिए 61 रिटर्निंग ऑफिसर (RO), 90 सहायक रिटर्निंग अधिकारी (ARO) बनाए गए हैं। नगर निगम चुनाव कराने के लिए 21 RO और 43 ARO तैनात रहेंगे। नगर निगम के चुनाव ईवीएम और बाकी जगह बैलेट पेपर से होंगे। 10 पर्सेंट मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग कराई जाएगी।
मेयर पद के लिए नामांकन डीएम कोर्ट और पार्षद के लिए चन्द्रपुरी नवयुग मार्केट स्थित बालिका विद्यालय में होगा। डासना नगर पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य के लिए नामांकन जिला मुख्यालय में होगा। खोड़ा चेयरमैन और सदस्य के लिए नामांकन सदर तहसील में होगा। मोदीनगर, मुरादनगर, निवाड़ी पतला फरीदनगर के अध्यक्ष और सदस्य के लिए नामांकन कार्यालय तहसील मोदीनगर, लोनी अध्यक्ष और सदस्य के लिए नामांकन वर्धमान सरस्वती शिशु मंदिर लोनी में होगा। गाजियाबाद नगर निगम, नगर पालिका खोड़ा, नगर पंचायत डासना में चुनाव कराने के लिए पोलिंग पार्टी कमला नेहरूनगर मैदान से रवाना होगी। लोनी अध्यक्ष और सदस्य चुनाव कराने के लिए लोनी स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल लोनी और बाकी नगर निकाय के लिए पोलिंग पार्टी दयानंद इंटर कॉलेज मोदीनगर से रवाना होगी।

नगर निगम कार्यालय में निगम चुनाव की मतगणना होगी। डासना की मतगणना नगर पंचायत कार्यालय में होगी। खोड़ा की मतगणना गोविंदपुरम अनाज मंडी में होगी। मोदीनगर और मुरादनगर की मतगणना के लिए आदर्श कन्या इंटर कॉलेज की जगह तय की गई है। निवाड़ी, पतला, फरीदनगर की मतगणना गोविंदपुरी में कराने की तैयारी है। मोदीनगर और लोनी की मतगणना लोनी इंटर कॉलेज में होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button