बरेली में कुट्टू आटा से बनी कचौड़ी खाने पर 6 लोग बीमार, खाद्य सुरक्षा विभाग ने बंद कराया किराना स्टोर

बरेली/उत्तर प्रदेश। त्योहारी सीजन पर मिलावटखोर मुनाफाखोरी में जुटे हुए हैं। बरेली में नवरात्र पर व्रत रखने वाले लोगों को मिलावट और दूषित कुट्टू का आटा बेच दिया गया। कुट्टू के आटे से बनी कचौड़ी खाने से 6 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए हैं। बीमार होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी मिलते ही खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने जिले भर में सैंपलिंग शुरू कर दी। इसके अलावा कुट्टू आटा बेचने वाले की दुकान भी बंद करा दी है।
बरेली जिले के थाना सुभाष नगर क्षेत्र में गंगानगर कॉलोनी निवासी एक ही परिवार में मिलावटी कुट्टू आटा से बने पकवान खाने से छह सदस्यों की हालत बिगड़ गई। गंगानगर कॉलोनी निवासी भगवान दास (42) पुत्र हेमराज ने पड़ोसी प्रेमपाल की दुकान से कुट्टू का आटा खरीदा था।
परिवार सदस्यों ने कचौड़ी और आलू की सब्जी बनाई और उसका सेवन किया। खाने के लगभग डेढ़ घंटे बाद भगवान दास, उनकी पत्नी अखिलेशा, बेटे हिमांशु (18), वीर (5), पुत्री अनुष्का (13), भतीजा सुखदीप (18) पुत्र रूपराम की तबीयत बिगड़ने लगी। परिवार के सदस्यों को तुरंत जिला अस्पताल बरेली में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि सभी का उपचार जारी है और उन्हें अलग-अलग वार्डों में रखा गया है। उन्होंने परिजनों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
जानकारी मिलते ही मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने मौके पर छापा कार्रवाई की। छापा टीम ने प्रेमपाल किराना स्टोर पर बेचा जा रहा कुट्टू आटा सैंपल लिया। अक्षय गोयल ने बताया कि कुट्टू आटा बिक्री करने वाले की दुकान बंद कर दी गई है। दुकान पर जो स्टाफ था, उसे भी सीज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सैंपल विभागीय लैब में भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि मिलावटी और खराब सिंघाड़ा, मूंगफली और कुट्टू आटा बेचने वालों पर खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन विभाग द्वारा छापा कार्रवाई तेज कर दी गई है। जिले भर में टीम कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि जिले भर में दर्जन बार सैंपल लिए गए हैं।




