रोज-रोज की छेड़खानी से तंग महिला ने युवक को घर बुलाया, काट दिया गुप्तांग, हालत गंभीर

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। कौशांबी में एक महिला ने छेड़खानी करने वाले शोहदे का गुप्तांग काट दिया। मामला जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र के माखूपुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, युवक महिला के साथ आते-जाते छेड़खानी करता था। इससे तंग आकर महिला ने उसे घर में बुलाया और उसका गुप्तांग काट दिया। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए महांवा गांव के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला मौके से फरार बताई जा रही है।
बताया गया कि आरोपी युवक मंझनपुर थाना के टेंवा चौकी क्षेत्र के माखूपुर गांव की एक महिला को आते-जाते अक्सर छेड़ता था। महिला के विरोध के बाद भी युवक मानने को तैयार नहीं था। युवक के एकतरफा प्यार से आजिज आकर महिला ने उसे मंगलवार की शाम अपने घर पर बुलाया। महिला के भरोसे में आया युवक उसके घर पर पहुंच गया। इस दौरान महिला ने धारदार हथियार से युवक पर हमला कर दिया और उसका गुप्तांग काट कर घायल कर दिया।
युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर युवक से घटना के संबंध में पूछताछ की। आरोपी महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दिया गया है। थानाध्यक्ष मंझनपुर संतोष शर्मा ने बताया कि घटना की अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। घायल युवक के बताए अनुसार केस दर्ज कर जांच शुरू कर दिया गया है।जांचोपरांत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button