गर्म समोसे की लड़ाई कोर्ट तक जा पहुंची, दुकानदार समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
यूपी के वाराणसी में गर्म समोसे को लेकर हुई मारपीट का मामला कोर्ट तक जा पहुंचा। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दुकानदार समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। वाराणसी में गरम समोसा मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है। चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर बाजार में एक मिठाई की दुकान पर समोसा खाने पहुंचे अधिवक्ता के साथ कथित मारपीट और नकदी व सोने की चेन छीनने के मामले में अदालत ने पुलिस को दुकानदार समेत पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना इसी वर्ष 22 फरवरी की बताई जा रही है। अधिवक्ता शिवशंकर सिंह चंदौली से वाराणसी की ओर आ रहे थे। रास्ते में भूख लगने पर उन्होंने जाल्हूपुर बाजार स्थित एक मिठाई की दुकान पर दो समोसे मांगे। आरोप है कि दुकानदार गुप्तेश्वर सिंह ने उन्हें ठंडे समोसे दिए। अधिवक्ता ने समोसे गर्म करने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
अधिवक्ता का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुकानदार गुप्तेश्वर सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनसे 19,500 रुपये नकद और सोने की चेन छीन ली गई।
घटना के बाद अधिवक्ता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन आरोप है कि पुलिस स्तर पर तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया और पूरे मामले की शिकायत न्यायालय के समक्ष रखी।
मामले को सुनने के बाद अदालत ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए चौबेपुर पुलिस को दुकानदार गुप्तेश्वर सिंह समेत पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब घटना से जुड़े तथ्यों, आरोपितों की भूमिका और अधिवक्ता द्वारा लगाए गए नकदी तथा सोने की चेन छीनने के आरोपों की जांच करेगी। घटना के करीब छह महीने बाद अदालत के आदेश पर मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।




