कस्टडी से फरार हुए हत्या और अफीम लूट के आरोपी ने फेसबुक में पोस्ट किया वीडियो, पुलिस पर लगाए आरोप
The accused of murder and opium robbery who escaped from custody posted a video on Facebook, accusing the police

मंदसौर/मध्य प्रदेश। मंदसौर जिले में आरोपियों ने अफीम लूटने के लिए बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी थी। जिले के पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र में आने वाले गांव लसुड़िया राठौर में वारदात हुई थी। इसमें पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया था। हालांकि मुख्य आरोपी पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर गुजरात में फरार हो गया था। अब आरोपी ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एसपी अभिषेक आनंद के नाम एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। इस वीडियो में उसने खुद को निर्दोष बताया है। यहीं नहीं आरोपी ने पुलिस पर झूठा फंसाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार 28 मार्च 2024 को गांव लसुड़िया राठौर में बुजुर्ग महिला चंद्रकुंवर की हत्या के बाद अफीम लूटी गई थी। इस वारदात की जांच करते हुए पुलिस ने चावली निवासी दशरथ पिता ओमप्रकाश जाट सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद दशरथ को मंदसौर के चार पुलिसकर्मी गुजरात में दर्ज मामले में हालोल कोर्ट में पेशी पर ले गए थे। यहां से पावागढ़ माताजी के दर्शन के दौरान दशरथ चारों पुलिसकर्मियों को चमका देकर फरार हो गया था। अब आरोपी दशरथ सोशल साइड फेसबुक पर वीडियो अपलोड कर खुद को निर्दोष बताया रहा है। साथ ही पुलिस पर झूठा फंसाने का आरोप लगाया है। इससे पहले भी 15 जून शाम को दशरथ ने फेसबुक पर दो वीडियो अपलोड किए थे। जिसमें उसने पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस ने हत्यारे से लाखों रुपए लेकर उसे झूठा फंसाया है। आरोपी का दावा है कि उसके घर के सीसीटीवी में सब रिकार्ड हुआ था। पुलिस ने उस रिकॉर्डिंग को कब्जे में ले लिया।
एसपी के नाम जारी वीडियो में दशरथ ने कहा कि मैं परेशान हूं , सत्य परेशान हो रहा है, मैं व्यापारी हूँ, मैंने हत्या नही की। मैं यही साबित करने के लिए बाहर आया हूँ। इसके अलावा पुलिस पर रुपए लेकर हत्या के झूठे केस में फसाने का आरोप लगाया है।
हत्या और अफीम लूट का आरोपी खुलेआम इस तरह सोशल मीडिया पर अपना वीडियो वायरल कर रहा है। बावजूद इसके पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पा रही। यह पुलिस के लिए एक चुनौती से कम नहीं क्योंकि आरोपी पुलिस कस्टडी से भागा है। अब आरोपी पुलिस पर ही आरोप लगाते हुए खुद को निर्दोष बता रहा है और वीडियो जारी कर रहा है। मल्हारगढ़ एसडीओपी नरेन्द्र सोलंकी का कहना है कि आरोपी के निर्दोष बताने से कुछ नही होता। उसके खिलाफ पुलिस के पास पूरे सबूत हैं। वह शातिर तस्कर व बदमाश है। इसके खिलाफ अन्य प्रातों में भी तस्करी के मामले दर्ज है। आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।




