ऑपरेशन विश्वास’ से बढ़ा भरोसा: 532 खोए/चोरी मोबाइल मालिकों को लौटाए, दिल्ली पुलिस की बड़ी पहल

पूर्वी दिल्ली। नागरिकों के बीच विश्वास बढ़ाने और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिला ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत सराहनीय पहल करते हुए 532 खोए एवं चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। यह कार्यक्रम पूर्वी रेंज स्तर पर महाराजा अग्रसेन कॉलेज, न्यू अशोक नगर में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) जोन-1 श्री देवेश चंद्र श्रीवास्तव तथा विशिष्ट अतिथि संयुक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी रेंज) डॉ. अजीत कुमार सिंगला रहे। इस अवसर पर डीसीपी पूर्वी जिला राजीव कुमार, डीसीपी उत्तर-पूर्व राहूल अलवाल, डीसीपी शाहदरा राजेंद्र प्रसाद मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत नशा एवं साइबर जागरूकता सत्र से हुई, जिसमें नागरिकों को साइबर ठगी, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाओं और डिजिटल अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया तथा कॉलेज प्रबंधन को सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में डीसीपी पूर्वी जिला श्री राजीव कुमार ने कहा कि ‘ऑपरेशन विश्वास’ दिल्ली पुलिस की जनसेवा, पारदर्शिता और तकनीक आधारित जांच प्रणाली के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
मोबाइल वितरण समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा लाभार्थियों को उनके मोबाइल फोन सौंपे गए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और टीमों को सम्मानित भी किया गया। कई लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए दिल्ली पुलिस की त्वरित और जनहितकारी कार्यशैली की सराहना की।
संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. अजीत कुमार सिंगला ने पुलिस टीमों के समन्वित प्रयासों की प्रशंसा की, जबकि विशेष पुलिस आयुक्त श्री देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने ‘ऑपरेशन विश्वास’ को जनविश्वास बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताते हुए साइबर और नशा जागरूकता पर जोर दिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।





