गुरूग्राम में 160 किलो मादक पदार्थ की पकड़ी खेप

ट्रक में छिपाकर उदयपुर से ला रहे थे दिल्ली

गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने एक बार फिर जिले में मादक पदार्थ की बड़ी खेप पकड़ी है। मादक पदार्थ पापी हस्क के 14 बोरे एक ट्रक में प्लास्टिक दाने के नीचे छिपाकर उदयपुर से दिल्ली ले जाए जा रहे थे। पुलिस टीम ने सुभाष चौक के पास सोमवार रात ट्रक को रोका। जांच के दौरान प्लास्टिक दानों के नीचे से 160 किलो मादक पदार्थ बरामद किया गया। ट्रक चालक और क्लीनर को गिरफ्तार कर सदर थाने में केस दर्ज कराया गया।
सेक्टर 39 क्राइम ब्रांच की टीम ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच ने सुभाष चौक के पास सोमवार रात नाकेबंदी की थी। रात में जयपुर की तरफ से एक ट्रक आता दिखाई दिया। ट्रक को रोककर पूछताछ की गई तो ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि ट्रक में प्लास्टिक दाना भरा हुआ है।
इस पर पुलिस टीम ने जांच की तो प्लास्टिक दाने के नीचे 14 बोरों में मादक पदार्थ पापी हस्क मिला। इसका वजन करीब 160 किलो था। पकड़े गए ट्रक चालक की पहचान पलवल के टोका गांव के मो. मुफेद और क्लीनर की पहचान नूंह के कोल गांव के जाहिद के रूप में की गई।
पुलिस जांच और पूछताछ में पता चला आरोपित के कब्जे से बरामद हुए ट्रक में ये मादक पदार्थ छिपाकर उदयपुर से दिल्ली ले जा रहे थे। यहां एक व्यक्ति को इसे डिलीवरी करना था। हालांकि, पुलिस ने इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
वहीं, आरोपितों से पता चला कि मादक पदार्थ की डिलीवरी के बाद इन्हें 40 हजार रुपये मिलने वाले थे। इससे पहले भी ये आरोपित एक बार अवैध मादक पदार्थ उदयपुर से दिल्ली डिलीवर कर चुके हैं। इसके बदले इन्हें 30 हजार रुपये मिले थे। ये अवैध मादक पदार्थों की डिलीवरी का काम करते हैं बाकी लेनदेन इन्हें काम देने वाले लोग आपस में करते हैं।
पुलिस ने मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई है। दोनों आरोपितों को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। इस दौरान इनसे माल की डिलीवरी देने वाले और लेने वाली दोनों पार्टियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। क्राइम ब्रांच ने बताया कि नेटवर्क की जानकारी कर इसका भंडाफोड़ किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button