सीलमपुर में फायरिंग की घटना सुलझी, आरोपी गिरफ्तार

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। सीलमपुर इलाके में देर रात हुई फायरिंग की घटना को पुलिस ने सुलझा लिया है। पीएस सीलमपुर की टीम ने आरोपी मोहम्मद शाहिद को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार तड़के करीब 1:15 बजे जे-ब्लॉक, सीलमपुर में फायरिंग की सूचना पुलिस को मिली। शिकायतकर्ता इमरान (33) ने बताया कि उसके भाई मोहम्मद शाहिद ने कार पार्किंग को लेकर विवाद के दौरान पिस्तौल से गोली चलाई और मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
इस मामले में सीलमपुर थाने में धारा 109(1)/351(3) बीएनएस और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर नंबर 378/25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और सबूत इकट्ठा किए हैं।
सीलमपुर थाने के एसएचओ, इंस्पेक्टर पंकज कुमार के नेतृत्व में बनी टीम ने आरोपी मोहम्मद शाहिद (38 साल), पिता अब्दुल हकीम, निवासी जे-ब्लॉक, न्यू सीलमपुर, दिल्ली का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।





